Kuldeep Bishnoi Row: पूर्व CM भजनलाल पर दिए बयान पर BJP सांसद रेखा शर्मा ने मांगी माफी; कुलदीप बिश्नोई ने दी यह प्रतिक्रिया

हरियाणा बीजेपी में मचे घमासान का अंत! स्वर्गीय चौधरी भजनलाल पर दिए 'बदमाशी' वाले बयान पर सांसद रेखा शर्मा ने जताया खेद। कुलदीप बिश्नोई ने एफआईआर वापस लेने की अपील की।

 
Panchkula Shyamlal Bansal Rally Dispute

हिसार: भारतीय जनता पार्टी की सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल पर दिए गए बदमाशी वाले बयान पर माफी मांग ली है. शुक्रवार को बीजेपी सांसद रेखा शर्मा ने वीडियो जारी कर कहा "मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया. मेरी मंशा किसी एक व्यक्ति को लेकर नहीं थी, बल्कि एक पार्टी की वर्किंग के प्रति थी. अगर मेरे बयान से उनके परिवार या समर्थकों को दुख पहुंचा हो, तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं और खेद प्रकट करती हूं."

सांसद रेखा शर्मा की माफी पर कुलदीप बिश्नोई की प्रतिक्रिया: सांसद रेखा शर्मा के वीडियो के बाद पूर्व सीएम भजनलाल के बेटे और बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि "हम रेखा शर्मा के बयान से संतुष्ट हैं. मैं सभी समर्थकों से आग्रह करता हूं कि वो पार्टी की गरिमा और अनुशासन का सम्मान करें. मेरा सभी से विनम्र निवेदन है कि इस विषय पर और वीडियो साझा ना करें और जहां-जहां शिकायतें और एफआईआर हुई हैं, उनको वापस ले लें. इस पूरे प्रकरण का यही सम्मानजनक समापन है. हम सबको सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है और मिलकर बीजेपी को और मजबूती प्रदान करनी है."

सिरसा में सीएम नायब सैनी ने दी थी प्रतिक्रिया: शुक्रवार को सिरसा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी थी. कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा था कि "कोई नाराज नहीं है. चौधरी भजनलाल का हरियाणा के विकास में अहम योगदान है. उन्होंने हरियाणा को आगे बढ़ाने के लिए बढ़-चढ़कर काम किया है. वो हमारे लिए सम्मानित हैं. उनके दिखाए रास्ते को आगे बढ़ाने का काम किया है."

क्या कहा था सांसद रेखा शर्मा ने? पंचकूला में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद रेखा शर्मा ने श्यामलाल बंसल से समर्थन में मतदान की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि "बीजेपी उम्मीदवार श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी. जब यहां बदमाशी थी भजनलाल की और चंद्रमोहन की. पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे." भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थीं, लेकिन वो बीच में ही रुक गईं.