Haryana Politics: 'वोट चोरी' और SIR प्रक्रिया पर घमासान, कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

गुरुग्राम में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। नेताओं ने निष्पक्ष चुनाव और इस्तीफे की मांग की है।

 
Haryana politics news

गुरुग्राम : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुग्राम में प्रदर्शन किया. इसमें हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पार्टी प्रभारी संजय दत्त, पूर्व सांसद राज बब्बर समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

गुरुग्राम में कांग्रेस का प्रदर्शन: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर रहेंगे, तब तक देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते. इसलिए कांग्रेस उनके इस्तीफे की मांग कर ही है. देश में वोट चोरी से सरकार बनी है. जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं हो जाती, तक तक हम ऐसे ही प्रदर्शन करते रहेंगे.

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र होना चाहिए, लेकिन आज लोगों का भरोसा चुनाव आयोग से उठ चुका है. ये बात साफ हो चुकी है कि वोटों की चोरी कर बीजेपी सरकार बनी है. इसलिए कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है.

एसआईआर प्रक्रिया पर भी सवाल: कांग्रेस नेता राज बब्बर ने 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए. इसके अलावा SIR को लेकर भी आपत्ति जताई. राज बब्बर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से जुड़े फैसलों और इस पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा की जाए.

दीपेंद्र हुड्डा का बीजेपी पर निशाना: करनाल में दीपेंद्र हुड्डा ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. राहुल गांधी ने हरियाणा को लेकर जो मुद्दे उठाए थे, वो सही साबित हुए. हरियाणा में महज करीब 14 हजार वोटों के अंतर से बनी भाजपा सरकार को चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का लाभ मिला. हमारी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और हरियाणा में दोबारा चुनाव करवाए जाएं. हुड्डा ने मौजूदा सरकार को लेकर भी तीखी टिप्पणी करते हुए इसे कथित तौर पर वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग से बनी सरकार बताया.