हरियाणा में VIP उड़ानों के लिए नए सख्त नियम: खराब मौसम में अब CM का विमान भी नहीं भरेगा उड़ान; सुरक्षा के लिए डिजिटल सिस्टम अनिवार्य

हरियाणा सरकार ने वीआईपी विमानों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम लागू किए हैं। अब खराब मौसम में मुख्यमंत्री समेत किसी भी वीआईपी की उड़ान को मंजूरी नहीं मिलेगी। सुरक्षा के लिए ई-फ्लाइट प्लानिंग और रियल-टाइम मौसम अपडेट सिस्टम लागू होगा।

 
Haryana Govt Aviation Tender

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने वीआईपी और वीवीआईपी उड़ानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब खराब मौसम की स्थिति में राज्य के विशेष विमानों को उड़ान भरने की अनुमति देना आसान नहीं होगा। नई व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री सहित कोई भी वीआईपी मौसम संबंधी नियमों से ऊपर नहीं होगा। नागरिक उड्डयन विभाग ने इस संबंध में एक टेंडर जारी कर स्पष्ट संकेत दिया है कि सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। 


सरकार ने उड़ानों के लिए अत्याधुनिक डिजिटल सिस्टम को अनिवार्य करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत ई-फ्लाइट प्लानिंग, रियल-टाइम मौसम अपडेट, नेविगेशन अलर्ट, फ्लाइट डिस्पैच मॉनिटरिंग और लोड कंट्रोल जैसी व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि मौसम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, तो उड़ान को स्थगित किया जा सके, भले ही वह किसी उच्च पदाधिकारी की ही क्यों न हो।

 पिछले कुछ वर्षों में देश के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम के दौरान विमान और हेलीकॉप्टर हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। इन्हीं घटनाओं से सबक लेते हुए विभाग ने एहतियाती कदम उठाया है, ताकि संभावित जोखिमों को पहले ही टाला जा सके। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है, न कि उड़ान की जल्दबाजी। जारी टेंडर 26 फरवरी को खोला जाएगा। इसमें वही कंपनियां आवेदन कर सकेंगी, जिनके पास फ्लाइट प्लानिंग, तकनीकी मॉनिटरिंग और एविएशन सपोर्ट सेवाओं का अनुभव हो।