हरियाणा का अगला मुख्य सचिव कौन? सुधीर राजपाल और सुमिता मिश्रा रेस में सबसे आगे
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का कार्यकाल 30 जून को खत्म। सुधीर राजपाल, सुमिता मिश्रा और वी. उमाशंकर के नामों की चर्चा। जानें 2026 में रिटायर होने वाले IAS अफसरों की लिस्ट।
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का मौजूदा कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। यह उनका एक वर्ष का एक्सटेंशन का कार्यकाल है और अब ब्यूरोक्रेसी में अगला मुख्य सचिव कौन होगा, इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं। 1990 बैच के आई.ए. एस. रस्तोगी एक वर्ष पहले सेवानिवृत्त हो गए थे। हालांकि रस्तोगी को फिर से 6 महीने की एक्सटेंशन मिलने की चर्चाएं चल रही हैं। यदि ऐसा हुआ तो मुख्य सचिव की दौड़ में शामिल कई अफसरों को सी. एस. बनने का मौका नहीं मिल पाएगा। उधर, हरियाणा कैडर में वरिष्ठता वर्तमान पोस्टिंग, केंद्र-राज्य समन्वय और मुख्यमंत्री कार्यालय के भरोसे को देखते हुए जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें सुधीर राजपाल और डा. सुमिता मिश्रा से लेकर 1993 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी वी. उमाशंकर तक का नाम शामिल है।
मुख्य सचिव की दौड़ में ये अफसर शामिल
हरियाणा में आई.ए.एस. अफसरों की वरिष्ठता के तहत ए.सी.एस. गृह सुधीर राजपाल सबसे सीनियर और मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। ये 1990 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी हैं। इनका रिटायरमेंट नवम्बर 2026 को है। वहीं 1990 बैच की ही आई.ए.एस. वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव डा. सुमिता मिश्रा का नाम भी प्रबल दावेदारों में है। इनकी सेवानिवृत्ति जनवरी 2027 में है। जिम्मेदारी के तहत सुमिता मिश्रा मुख्य सचिव के बाद दो नंबर पर है।
वरिष्ठता क्रम में विनीत गर्ग भी दावेदारों में हैं पर बैंक घोटाले के विवादों ने इनका दावा कमजोर कर दिया है। ये 1991 बैच अफसर हैं। इनका रिटायरमेंट सितम्बर 2027 को है। इसी बैच के अनिल मलिक का नाम भी दावेदारों में है, वह मौजूदा समय में केंद्र में सचिव पद पर सेवाएं दे रहे हैं। फिलहाल उनके हरियाणा वापस आने के कम चांस हैं। 1991 बैच के अपूर्व कुमार सिंह भी दावेदारों में हैं। वह लोक निर्माण विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के ए.सी.एस. हैं। इसके अलावा 1993 बैच के अरुण गुप्ता और वी. उमाशंकर का नाम भी चर्चाओं में है। अरुण गुप्ता मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव हैं लेकिन उनकी सेवानिवृत्ति इसी वर्ष है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के बेहद नजदीकी वी. उमाशंकर भी नाम ज्यादा चर्चाओं में है। उमाशंकर की रिटायरमेंट जून 2028 को है। लेकिन वह केंद्र सरकार में सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी देख रहे हैं। लिहाजा उनके हरियाणा आने के चांस कम दिख रहे हैं।
इस साल कई वरिष्ठ अफसर हो जाएंगे सेवानिवृत्त
इस साल 2026 में हरियाणा कैडर के करीब कई वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी रिटायरमेंट जोन में हैं। एक साल का सेवा विस्तार पाने वाले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ ही 10 आई.ए.एस. अधिकारी रिटायर हो जाएंगे। इनमें वरिष्ठ आई.ए.एस. सुधीर राजपाल से लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के राजा शेखर पुंडरू और अरुण कुमार गुप्ता, केंद्र सरकार में सचिव अभिलक्ष लिखी तथा प्रधान सचिव स्तर के डी. सुरेश शामिल हैं।
अरुण कुमार गुप्ता इस समय हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव हैं। प्रदेश के 12 आई.ए.एस. अधिकारी पहले ही केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर चल रहे हैं। इस साल वर्ष 2005 बैच के आई.ए. एस. रमेश चंद्र बिधान 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त हो रहे है। वहीं मुकेश कुमार आहूजा 3 महीने की एक्सटेंशन के बाद जून में रिटायर हो जाएंगे। प्रदीप कुमार (2011) 30 जून, अनुराग रस्तोगी (1990) मुख्य सचिव 30 जून, राजा शेखर कुंडरू (1990) अतिरिक्त मुख्य सचिव 31 जुलाई, डी. सुरेश (1995) प्रधान सचिव 31 अगस्तु अरुण कुमार गुप्ता (1992) अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं सी.एम. के प्रधान सचिव 30 सितम्बर, अनीता यादव (2004) 30 सितम्बर, संजय जून (2003) 31 अक्तूबर, सुधीर राजपाल (1990) अतिरिक्त मुख्य सचिव 30 नवम्बर, अभिलक्ष लिखी (1991) केंद्र सरकार में सचिव 30 नवम्बर और गीता भारती (2005) 30 नवम्बर में सेवानिवृत हो रही हैं।

