Haryana Politics: पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की 'सद्भाव यात्रा' का समापन, भिवानी में जुटे दिग्गज कांग्रेस नेता

हरियाणा में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की 7 महीने लंबी 'सद्भाव यात्रा' अंतिम पड़ाव पर। भिवानी में कांग्रेस नेताओं ने साझा की उपलब्धियां और बीजेपी पर साधा निशाना।

 
हरियाणा सियासत 2026

भिवानी। हरियाणा की सियासत में सद्भाव और भाईचारे के मुद्दे को लेकर पिछले 7 महीनों से जारी पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। वीरवार को भिवानी के एक निजी रेस्तरा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस यात्रा की उपलब्धियों और इसके सियासी मायनों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की।

कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस यात्रा ने सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नफरत और विभाजन की राजनीति को बेनकाब करने का काम किया है। वहीं पत्रकार वार्ता से पूर्व कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

पत्रकार वार्ता को पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डाॅ. शिव शंकर भारद्वाज, राजेंद्र उर्फ रज्जू अहलावत दादरी, कांग्रेस सेवादल भिवानी के प्रधान विजेंद्र सिवाच, कांग्रेस नेता वीरेंद्र किरोड़ी और रघुबीर सिंह रंगा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने यात्रा के रूट और इसके समय चक्र की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा पिछले साल 5 अक्तूबर को जींद के ऐतिहासिक दनौदा गांव स्थित बनैण खाप के चबूतरे से रवाना हुई थी।