हरियाणा रोडवेज में पत्रकारों को मिले अनलिमिटेड फ्री सफर; अनिल विज को मांगपत्र

मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन ने परिवहन मंत्री अनिल विज को सौंपा मांगपत्र। रोडवेज बसों में पत्रकारों के लिए असीमित मुफ्त यात्रा और सीटें आरक्षित करने की मांग।
 
फ्री जर्नलिस्ट इंश्योरेंस हरियाणा

चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज को मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) के उत्तर भारत अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने पत्रकार हितों से जुड़ा एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा है। मांगपत्र में हरियाणा के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलने वाली परिवहन सुविधाओं में विस्तार करने का आग्रह किया गया है।

धरणी ने कहा कि वर्तमान में मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरियाणा रोडवेज बसों में 4,000 किलोमीटर तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध है, जबकि पुलिस कर्मचारियों को असीमित यात्रा की छूट प्राप्त है। देश के कई राज्यों में भी मान्यता प्राप्त पत्रकारों पर किलोमीटर की कोई सीमा लागू नहीं है। ऐसे में हरियाणा सरकार को भी पत्रकारों के लिए यह सीमा समाप्त कर असीमित यात्रा की सुविधा प्रदान करनी चाहिए।

मांगपत्र में यह भी कहा गया है कि पहले हरियाणा रोडवेज, डीलक्स तथा वोल्वो बसों में पत्रकारों के लिए दो सीटें आरक्षित रहती थीं, लेकिन वर्तमान में यह व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। संगठन ने मांग की है कि सभी रोडवेज बसों में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए पुनः दो सीटें आरक्षित की जाएं। इसके अलावा ग्रीन बसों तथा सभी एसी बसों में भी पत्रकारों को निःशुल्क यात्रा की अनुमति प्रदान की जाए।

वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान की अनूठी पहल

धरणी ने बताया कि मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन देश की ऐसी अग्रणी संस्था है जिसने वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान और त्याग को सम्मान देने की नई परंपरा शुरू की है। संस्था अपने प्रत्येक प्रमुख कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित करवाती है। सम्मानित पत्रकारों को संस्था की ओर से नकद सम्मान राशि भी प्रदान की जाती है। इसके लिए संस्था ने वरिष्ठ पत्रकार दीपक मिगलानी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय अवार्ड चयन समिति गठित की हुई है। समिति प्राप्त आवेदनों का गहन अध्ययन और विचार-विमर्श करने के बाद पात्र पत्रकारों का चयन करती है। समिति की अनुशंसा के पश्चात संस्था के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी अंतिम स्वीकृति प्रदान करते हैं।

हरियाणा गौरव अवार्ड से प्रतिभाओं का सम्मान

संस्था केवल पत्रकारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा की धरती पर जन्मी और विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली प्रतिभाओं को भी "हरियाणा गौरव अवार्ड" देकर सम्मानित करती है। संस्था समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शख्सियतों को प्रोत्साहित करती है।

मुफ्त बीमा सुविधा देने वाली पहली पत्रकार संस्था

एमडब्ल्यूबी को पत्रकारों के लिए निशुल्क बीमा सुविधाएं उपलब्ध करवाने वाली पहली संस्था माना जाता है। संगठन अपने सदस्यों को समय-समय पर सपरिवार कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस, दुर्घटना बीमा तथा टर्म इंश्योरेंस जैसी योजनाओं का लाभ प्रदान करता है। विशेष बात यह है कि जहां अधिकांश संस्थाएं बीमा योजनाओं के नाम पर पत्रकारों से कुछ न कुछ शुल्क लेती हैं, वहीं एमडब्ल्यूबी किसी भी प्रकार के बीमा लाभ के बदले कोई शुल्क नहीं लेती। संस्था की इस पहल ने पत्रकार परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। हाल ही में संस्था द्वारा करवाई गई एक बीमा पॉलिसी के माध्यम से एक दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार के परिवार को बीमा कंपनी से 10 लाख रुपये की सहायता राशि दिलवाई गई, जिससे संगठन की प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों का परिचय मिलता है।

आर्थिक सहायता में भी अग्रणी

मीडिया वेल-बीइंग एसोसिएशन केवल बीमा योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद पत्रकारों और उनके परिवारों की आर्थिक सहायता भी लगातार करती रही है। पिछले चार वर्षों में हरियाणा और चंडीगढ़ के तीन दर्जन से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिवारों को 30 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। बीमारी, दुर्घटना, पारिवारिक संकट अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में संस्था जरूरतमंद पत्रकारों के साथ खड़ी होकर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराती है। यही कारण है कि आज प्रदेशभर में हजारों पत्रकार इस संगठन से जुड़े हुए हैं और इसे पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में एक विश्वसनीय मंच के रूप में देखा जाता है।