करनाल: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बोले- विपक्ष कर रहा ओछी राजनीति
करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय मेले में हिस्सा लिया। प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का प्रभार मिलने पर प्रतिक्रिया दी और विपक्ष पर निशाना साधा।
करनाल: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल में ज़िला परिषद कार्यालय में आयोजित 'परिवार अंत्योदय मेले' में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और जन-कल्याणकारी योजनाओं का जायज़ा लिया. इसके उपरांत दोपहर 2 बजे नीलोखेड़ी क्षेत्र के गांव संधीर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया.
प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त कार्यभार पर प्रतिक्रिया: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार सौंपे जाने के सवाल पर मनोहर लाल ने कहा "प्रह्लाद जोशी हमारे वरिष्ठ और अनुभवी साथी हैं, जो लंबे समय से केंद्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उन्होंने मेरे साथ ऊर्जा मंत्रालय में भी बेहतरीन काम किया है. हालांकि उन्हें यह अतिरिक्त कार्यभार ही मिला है, लेकिन एक कुशल नेता के रूप में वे इस दायित्व को बेहद मुस्तैदी से निभाएंगे."
केंद्रीय मंत्री की युवाओं से अपील: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि "युवा शक्ति ही देश का असली भविष्य और भारत के विकास की रीढ़ है. जो युवा फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं, वे पूरे मन से अपनी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करें. जो छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, वे सरकारी व गैर-सरकारी अवसरों के लिए अपनी तैयारी निरंतर जारी रखें. सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है."
विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार: कांग्रेस और राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि "विपक्ष गंभीर और आम मुद्दों पर केवल ओछी राजनीति कर रहा है. ऐसे बड़े मुद्दों पर राजनीति करने से देश का माहौल और व्यवस्था खराब होती है. आज की जनता बेहद समझदार है और वह विपक्ष के इस रवैये को भली-भांति समझती है."
भारत-अमेरिका ट्रेड डील और किसानों को सलाह: किसानों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर दोबारा आंदोलन शुरू करने की दी गई चेतावनी पर केंद्रीय मंत्री ने कहा अंतरराष्ट्रीय स्तर के फैसले और समझौते बेहद सोच-समझकर, देश और सभी वर्गों के दूरगामी हितों को ध्यान में रखकर किए जाते हैं.किसान अक्सर जल्दबाजी में निर्णय ले लेते हैं, जो सही नहीं है. उन्हें विषय के हर पहलू को गहराई से समझना चाहिए.
कारगिल विजय दिवस पर दी प्रतिक्रिया: केंद्रीय मंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर सेना के जवानों और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा कि "कारगिल विजय हमारे जांबाज सैनिकों के अदम्य साहस और शौर्य की मिसाल है. जो भी ताकत भारत को कमजोर समझने की भूल करती है, उसे हमेशा मुंह की खानी पड़ती है. आज का दिन पूरे देश के लिए गर्व और उत्सव का दिन है."
ज़िले के विकास कार्यों की समीक्षा: पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वे जब भी करनाल आते हैं, तो ज़िले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा अवश्य करते हैं. प्राथमिकता के आधार पर चुने गए 9 बड़े विकास कार्यों में से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं. जिन कुछ योजनाओं पर काम शुरू नहीं हो पाया है, उसका मुख्य कारण गांवों में उपयुक्त ज़मीन ना मिल पाना है. जैसे ही ज़मीन उपलब्ध होगी, उन कार्यों को तुरंत शुरू कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा.

