Bhiwani News: जेजेपी तोड़ने के आरोपों पर मोहन लाल बड़ौली का पलटवार, विपक्ष पर साधा निशाना

भिवानी पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जेजेपी तोड़ने के आरोपों को नकारा। महिला आरक्षण बिल के लिए मांगा समर्थन और फसल खरीद पर विपक्ष को घेरा।

 
हरियाणा फसल खरीद राजनीति

भिवानी। हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मनोहरलाल पर करोड़ों रुपये देकर जेजेपी तोड़ने के आरोपों को गलत बताते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला आरक्षण बिल के समर्थन के लिए जनता और विपक्ष से सहयोग भी मांगा।

भिवानी पहुंचे मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के लिए विपक्ष और 140 करोड़ आमजन का समर्थन जरूरी है। उन्होंने बताया कि आमजन टोल फ्री नंबर 9667173333 पर मिस कॉल देकर अपना समर्थन दर्ज करा सकते हैं। महिलाओं को जागरूक करने के लिए भाजपा द्वारा पैदल यात्रा और बाइक रैली भी निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन देना चाहिए।

विपक्ष के रुख पर उन्होंने कहा कि उनकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन भाजपा सभी से समर्थन मांगेगी। फसलों की खरीद को लेकर हो रही सियासत पर उन्होंने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष मंडियों में केवल ‘टूरिज्म’ के लिए जा रहा है जबकि किसानों को फसल बिक्री में कोई परेशानी नहीं हो रही।

उन्होंने कहा कि पिछली बार किसानों के साथ धोखाधड़ी हुई थी जहां कुछ किसानों की फसल खराब हुई और अन्य लोग उनके नाम पर फसल बेच गए जिससे पीड़ित किसानों को मुआवजा लेने में परेशानी हुई। ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। फिर भी किसी किसान को समस्या होती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।

जेजेपी तोड़ने के आरोपों पर मनोहरलाल का बचाव करते हुए बड़ौली ने कहा कि जिसे जनता ने नकार दिया और जो शून्य पर सिमट गई वही पार्टी लोगों को गुमराह कर रही है। वहीं बैंकों द्वारा हरियाणा सरकार के करोड़ों रुपये हड़पने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं और किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।