नफे सिंह राठी हत्याकांड के 2 साल: अभय चौटाला ने सरकार को घेरा, बोले- 'दोषियों को मिल रहा संरक्षण'

बहादुरगढ़ में नफे सिंह राठी की दूसरी बरसी पर अभय चौटाला का बड़ा हमला। सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने और IDFC बैंक घोटाले में ढिलाई बरतने के लगाए गंभीर आरोप।

 
Abhay Chautala Bahadurgarh Speech

बहादुरगढ़ : इनेलो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड को आज दो वर्ष पूरे हो गए। इस अवसर पर बहादुरगढ़ स्थित राठी फार्म में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर स्वर्गीय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा में मुख्य रूप से मौजूद रहे इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और नफे सिंह राठी हत्याकांड के आरोपियों को जेल में डालने की बजाय उन्हें पुलिस सुरक्षा दी जा रही है।

अभय चौटाला ने चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद न केवल हत्याकांड के आरोपियों बल्कि उन्हें संरक्षण देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सरकार से इस मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।

उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हरियाणा में कोई भी सुरक्षित नहीं है। रोजाना गोलियां चल रही हैं और उद्योगपतियों से फिरौती मांगी जा रही है, लेकिन सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।

आईडीएफसी बैंक घोटाले का मुद्दा उठाते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जिन अधिकारियों ने सरकारी विभागों का पैसा निजी बैंकों में जमा कराया, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास अपना कोऑपरेटिव बैंक है, जहां पैसा जमा करने से सरकार का धन सुरक्षित रहता और ब्याज के साथ आम जनता के काम भी आता।

इसके अलावा उन्होंने नौकरियों में भ्रष्टाचार, चुनाव से पहले बीपीएल कार्ड बनाने और बाद में काटने के आरोप भी सरकार पर लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बीपीएल कार्ड काटने का सही कारण स्पष्ट नहीं किया तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। अभय चौटाला ने यह भी दावा किया कि इनेलो के दबाव के कारण ही सरकार को पेंशन में वृद्धि करनी पड़ी।