पंचकूला: मुख्यमंत्री सैनी ने 198 खिलाड़ियों को बांटे 20.59 करोड़ के इनाम

पंचकूला में आयोजित समारोह में सीएम नायब सिंह सैनी ने 198 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी। हरियाणा की खेल नीतियों और सुविधाओं की पूरी जानकारी।

 
हरियाणा खेल बजट

पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उन्होंने 198 खिलाड़ियों को कुल 20 करोड़ 59 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि हर पदक के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण छिपा होता है.

198 खिलाड़ियों को मिली 20.59 करोड़ रुपये की सम्मान राशि: मुख्यमंत्री ने कहा कि "आज सभी 198 खिलाड़ियों का सम्मान कर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. खिलाड़ी अकेला पदक नहीं जीतता, बल्कि उसके साथ पूरा परिवार, गांव, प्रदेश और अंततः पूरा देश जीतता है. हरियाणा ने हमेशा ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाया है."

AI तकनीक पर बोले मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) खिलाड़ियों की फिटनेस का विश्लेषण कर रही है, चोट की संभावना का पहले से अनुमान लगा रही है और प्रशिक्षण को अधिक वैज्ञानिक बना रही है. हालांकि उन्होंने कहा कि AI खिलाड़ी की गति माप सकती है, उसकी तकनीक का विश्लेषण कर सकती है, लेकिन उसके जुनून और समर्पण को नहीं माप सकती.

खिलाड़ियों के लिए सरकार की नई और मौजूदा सुविधाएं: मुख्यमंत्री ने कहा कि "हरियाणा सरकार केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों के अवसर, खेल अकादमियां, खेल नर्सरी, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और खेल बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है. अब हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी खेल ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को तैयारी के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है."

पुरस्कार विजेताओं को मासिक मानदेय: मुख्यमंत्री ने बताया कि "खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और अन्य राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है. वहीं भीम अवार्ड विजेताओं को हर महीने 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है. इसके अलावा 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1,500 रुपये और 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था भी की गई है."

खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1100 करोड़ रुपये खर्च: मुख्यमंत्री ने बताया कि "पिछले लगभग 12 वर्षों में हरियाणा में खेल बुनियादी ढांचे के विकास पर करीब 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. वहीं खेल विभाग का बजट बढ़ाकर 668.42 करोड़ रुपये कर दिया गया है. पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर का ए-स्टार उन्नत वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र भी स्थापित किया गया है."

ओलंपिक पर सरकार की नजर: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2028, 2032 और 2036 के ओलंपिक खेलों में भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में हरियाणा की बड़ी भागीदारी होगी.