Haryana News: पीएम मोदी का हरियाणा दौरा जल्द, अंबाला शहीद स्मारक का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द आएंगे हरियाणा। अंबाला में शहीद स्मारक और घरेलू हवाई अड्डे का करेंगे उद्घाटन। जानें सीएम नायब सैनी के दिल्ली दौरे और पंजाब चुनाव की बड़ी रणनीति।
चंडीगढ़ : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से हरियाणा की माटी पर बुलाने की तैयारी है। इस क्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर चुके है, पश्चिम बंगाल सहित कईं राज्यों की चुनावी मुहिम समाप्त हो जाने के साथ ही पीएमओ से तारीख पर मुहर लग जाने की संभावना है, अहम बात यह है कि हरियाणा की माटी पर पीएम के दौरे के दौरान कईं अहम और ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कराने की तैयारी है।
भरोसेमंद उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि सीएम की गत दिवस और उसके पहले भी हुई मुलाकात के दौरान उन्हें हरियाणा बुलाने की तैयारी भी है। इसके पहले भी राज्य में चल रहे अहम प्रोजेक्ट्स को लेकर दिल्ली हाईकमान को अपडेट दिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि पीएम के दौरे से हरियाणा भाजपा एक तीर से कईं निशाने साधने की तैयारी में है। सीएम नायब सैनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान अहम मुद्दों पर विस्तार से अपडेट दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी अंबाला छावनी में तैयार हो रहे शहीद स्मारक के उद्घाटन के साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में होने वाले उद्घाटन और शिलान्यास अंबाला से ही ऑनलाइन रिमोट के जरिये कर सकते हैं।
अंबाला छावनी में यहां के विधायक और वरिष्ठ मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। 1857 की क्रांति और शहीद स्मारक का कामकाज अपने अंतिम चरण में हैं। अब किसी भी वक्त इसका शुभारंभ कराने की तैयारी है। सूबे की नायब सैनी सरकार और मंत्री विज चाहते हैं कि हरियाणा का अंबाला छावनी में बनने वाले घरेलू हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों की शुरुआत और शहीद स्मारक का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों से हो जाए।
इसके लिए विज भी भाजपा के वर्तमान और पूर्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्डा से मुलाकात कर इस बारे में आग्रह कर चुके हैं। पंजाब में भाजपा हरियाणा की ओर से चल रहे प्रयासों के बारे में भी हरियाणा भाजपा और सीएम की ओर से पीएम को अवगत कराया जा रहा है। आने वाले समय में पंजाब का विस चुनाव भी सिर पर है। सीएम नायब सैनी पंजाब को लेकर बेहद सक्रिय हैं, लगभग हर सप्ताह उनका पंजाब में कहीं ना कहीं कार्यक्रम लगा हुआ है। इतना ही नहीं पंजाब से भाजपा के नेताओं और सीएम हरियाणा नायब सिंह सैनी को लेकर बढ़िया रिस्पांस आ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस बार की बैठक और पीएम से मुलाकात को लेकर अचानक ही दिल्ली जाने का सीएम सैनी का कार्यक्रम बना था। सैनी के दिल्ली दौरे के साथ ही सियासी गलियारों में चर्चा का माहौल बना हुआ था कि सैनी को पंजाब चुनाव को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी हो रही है। गत दिवस अचानक ही उन्हें दिल्ली बुलाया गया था, हालांकि शेडयूल में कार्यक्रम बैठकों का बना हुआ था, अचानक ही बदलाव हुआ और नायब सैनी दिल्ली दौरे के लिए चले गए। सीएम सुबह 10 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से स्टेट प्लेन से दिल्ली गए थे।
अहम बात यहां पर यह है कि पंजाब में सीएम नायब सिंह सैनी को जमकर सुना जा रहा है। दस्तार बांधकर पंजाबी भाषा में बोलने वाले नायब सिंह सैनी को वहां खूब पसंद किया जा रहा है। एक तरह से पोस्टर बॉय बने सीएम सैनी के वहां दौरे से बेहतर परिणाम आने की उम्मीद है। 2024 में हैट्रिक जीत के बाद बीजेपी के 'पोस्टर बॉय' बने नायब सैनी पिछले करीब एक माह से पंजाब दौरे करने में जुटे हैं। सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों में ही नहीं बल्कि गांवों-कस्बों में जाकर आम लोगों से भी संवाद कर रहे हैं। केसरिया पगड़ी व मंच से पंजाबी और देसी हरियाणवी बोलने वाले सैनी को लेकर बताया जा रहा है कि उन्हें संगठनात्मक काम की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
वैसे, अभी तक के दौरों की बात करें, तो सीएम सैनी 35 दौरे कर चुके हैं। नेताओं को पार्टी में शामिल कराने और पंजाब सरकार पर हमले करने वाले सैनी को पंजाब की जनता जमकर सुन रही है, साथ ही भगवंत मान सरकार पर हमले भी वे लगातार कर रहे हैं। गत पिछले छह माह से ज्यादा वक्त में 35 से ज्यादा बार पंजाब में विभिन्न शहरों, कस्बों और गांव देहात में दौरा कर चुके हैं। हरियाणा में ओबीसी कार्ड के जरिये एक तीर से कई निशाने साधने वाली भाजपा औऱ इसके दिग्गज नेता अब पंजाब में भी हर प्रकार का संतुलन बनाने और सोशल इंजीनियरिंग में जुटे हैं। नायब सैनी पंजाब में जाकर अपने रिश्तों और पंजाब हरियाणा के बीच रोटी बेटी के रिश्तों की चर्चा करना नहीं भूलते। यह भी बता देते हैं कि उनकी मां कुलवंत कौर पंजाब से हैं।

