Punjab News: 90% घरों का बिजली बिल जीरो, घाटे से उबरा विभाग- सीएम भगवंत मान
पंजाब में 90% घरों को मिल रही मुफ्त बिजली। सीएम भगवंत मान ने कहा- 600 यूनिट फ्री बिजली के बावजूद विभाग मुनाफे में। सिंचाई के लिए 78% नहरी पानी का रिकॉर्ड।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज फिर कहा कि हमारी सरकार के समय बिजली क्षेत्र में ढांचागत बदलाव आया है. जो विभाग कभी घाटे में चल रहा था, वह अब 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली देने के बावजूद मुनाफा कमा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल 600 यूनिट मुफ्त बिजली देकर अधिकांश परिवारों के लिए शून्य बिजली बिल सुनिश्चित किए हैं, बल्कि पिछली सरकारों द्वारा सार्वजनिक संपत्तियों को बेचने की पुरानी प्रवृत्ति को बदलते हुए 540 मेगावाट गोइंदवाल थर्मल पावर प्लांट खरीदकर बिजली उपलब्धता में महत्वपूर्ण सुधार किया है.
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं सहित अन्य श्रेणियों के लिए टैरिफ कम किए गए हैं, किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है और नए सबस्टेशन व ट्रांसफार्मरों के माध्यम से बुनियादी ढांचे को मजबूत किया गया है. बिजली क्षेत्र में 9593 युवाओं को नौकरियां दी गई हैं और 1750 अन्य पदों पर भर्ती जारी है.
सिंचाई के लिए नहर का पानी 78 प्रतिशत
मुख्यमंत्री ने कहा, आप सरकार ने हर क्षेत्र को सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. पहली बार लोगों को बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय बोझ के लगातार बिजली आपूर्ति दी जा रही है. उन्होंने आगे कहा, जब हमने राज्य की बागडोर संभाली थी, तब सिंचाई के लिए केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग हो रहा था, लेकिन अब यह बढ़कर 78 प्रतिशत हो गया है और आने वाले धान सीजन तक इसे 90 प्रतिशत तक पहुंचा दिया जाएगा.
सिंचाई सुधारों के बारे में सीएम मान ने कहा, भाखड़ा नहर की क्षमता 9500 क्यूसेक है, लेकिन हमारे प्रयासों से अब किसानों को 11,000 क्यूसेक पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. यानी बिना एक इंच जमीन अधिग्रहित किए एक नई भाखड़ा नहर जैसी क्षमता तैयार कर दी गई है. उन्होंने कहा, पहली बार पानी की हर बूंद का हिसाब रखा जा रहा है, जिससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा बल्कि कृषि क्षेत्र को मुफ्त बिजली भी इसी तरह मिलती रहेगी.
बिजली आपूर्ति के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, पहली बार किसानों को धान सीजन के दौरान आठ घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति मिली और दिन के समय 95 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की गई. उन्होंने आगे कहा, घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है और लगभग 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं.
8014 सीधी भर्तियां और 1579 अनुकंपा पर
रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी देते हुए भगवंत मान ने कहा, अप्रैल 2022 से पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में लगभग 9593 कर्मचारियों की भर्ती की गई है, जिसमें 8014 सीधी भर्तियां और 1579 अनुकंपा के आधार पर दी गई नौकरियां शामिल हैं. उन्होंने आगे कहा कि पीएसपीसीएल में 1181 और पीएसटीसीएल में 569 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जो जून 2026 तक पूरी हो जाएगी.
रिकॉर्ड उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, पंजाब ने 5 जून 2025 को 16,670 मेगावाट की अब तक की सबसे अधिक बिजली मांग को पूरा किया, जो 29 जून 2024 के 16,058 मेगावाट के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है. उन्होंने कहा कि जहां अधिकांश सरकारें सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण कर रही हैं, वहीं पंजाब सरकार ने 1080 करोड़ रुपये में निजी थर्मल प्लांट खरीदकर नई मिसाल कायम की है.

