Haryana-Punjab Politics: पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और सीएम नायब सैनी की अचानक मुलाकात; 'संत कबीर कुटीर' में बंद कमरे में हुई चर्चा

चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से शिष्टाचार भेंट की। बजट सत्र और पंजाब-हरियाणा की गरमाई राजनीति के बीच हुई इस 'बंद कमरा' मुलाकात ने सियासी गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। जानें किन मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा।

 
हरियाणा मुख्यमंत्री समाचार

चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार की रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की। कटारिया पंजाब में संवैधानिक पद पर हैं। इसके बावजूद यह मुलाकात राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

इन दिनों पंजाब व हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। हरियाणा का बजट आ चुका है, जबकि पंजाब का बजट आज रविवार को पेश होगा, जिसमें महिलाओं को एक-एक हजार रुपये सम्मान भत्ता दिया जाएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री पिछले कुछ महीने से पंजाब में सक्रिय हैं और वहां की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी नायब सैनी का विरोध कर रही है। वहीं, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पंजाब में नशे के विरुद्ध अभियान चलाए हुए हैं। वे पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करके लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक कर रहे हैं।

दोनों राज्यों की राजनीति इन दिनों गरमाई हुई है। ऐसे में शुक्रवार की रात पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान बंद कमरे में हुई बातचीत का असल ब्योरा बाहर नहीं आया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा कि संत कबीर कुटीर (मुख्यमंत्री आवास) चंडीगढ़ में पंजाब के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की इस पोस्ट के बाद चर्चाओं का दौर जारी है।