Rao Inderjit on Civic Polls: 'अब अफसरशाही नहीं चलेगी'; रेवाड़ी-धारूहेड़ा की जीत पर विरोधियों को राव का करारा जवाब
निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत पर बोले राव इंद्रजीत सिंह- 'अफसरशाही अब बिल्कुल नहीं चलेगी, जनता के भरोसे से समझौता नहीं होगा'। भीतरघात करने वालों को भी दी नसीहत।
रेवाड़ी: नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवारों को मिली जीत पर केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि ये पूरे संगठन की जीत है. जनता ने हम पर उम्मीद से अधिक भरोसा किया है. उस भरोसे पर खरा उतरना अब इन चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है. मेरा तीन साल का कार्यकाल बचा है और मैं जनता की उम्मीदों से कोई समझौता नहीं होने दूंगा. जब भी मुझे लगा कुछ गलत लगा, तो बड़े होने के नाते कान खींचने से नहीं हिचकूंगा.
'अफसरशाही नहीं चलेगी': केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शहर में जो भी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. अफसरशाही अब बिल्कुल नहीं चलेगी. पार्टी में भीतरघात के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की आदत होती है, जो कभी छोड़ नहीं सकते. रेवाड़ी और धारूहेड़ा में मिली बड़ी जीत कड़ी टक्कर बताने वालों के मुंह पर तमाचा है.
'आज भी पीएम मोदी के नाम का सिक्का चलता है': उन्होंने कहा कि उकलाना को छोड़ सभी जगह भाजपा को जीत मिली है. इससे ये स्पष्ट हो गया है कि जनता में आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी और मुख्यमंत्री के नाम का सिक्का चल रहा है. रेवाड़ी की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन विनिता पीपल, धारूहेड़ा के नवनिर्वाचित चेयरमैन अजय जांगड़ा व पार्षदों की मौजूदगी में रामपुरा हाउस में उन्होंने ये बात कही.
'भाजपा ने मुझे तीन बार टिकट दिया': भाजपा में एंटी राव की चर्चाओं का जवाब देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि "भाजपा ने मुझे तीन बार सांसद का टिकट दिया. तीनों बार मैं भाजपा की टिकट पर चुनाव जीता. अब आप ही बताएं क्या मैं भाजपा का नहीं हूं. रेवाड़ी और धारूहेड़ा में विधायकों सहित हमारी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने एकजुटता से काम किया. जिस कारण हम उम्मीद से अधिक वोटों से जीत दर्ज कर पाए. प्रदेश में आज आए निकाय चुनावों के नतीजों ने ये बता दिया कि हरियाणा में चौथी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी."

