जुलाना: मतदाता सूची पर विनेश फोगाट की सक्रियता, डिप्टी स्पीकर को दिया करारा जवाब
जींद: जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस की सक्रियता का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, "पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं. पार्टी का एक ही उद्देश्य है कि जो असली वोट हैं वो कटने नहीं चाहिए और जो नकली वोट हैं वो बचने नहीं चाहिए. इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा."
संगठन में एकजुटता का दावा: कांग्रेस संगठन में किसी तरह की नाराजगी की अटकलों को खारिज करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि, "पार्टी पूरी तरह एकजुट है. हमारा परिवार है. अगर कोई नाराजगी है तो उसे दूर कर लिया जाएगा. पूरा परिवार एक साथ है. कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए हुए हैं."
विकास कार्य प्राथमिकता: जुलाना क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि, "विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है. कांग्रेस जुलाना में मजबूत स्थिति में है और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है. क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं."
डिप्टी स्पीकर के बयान पर पलटवार: डिप्टी स्पीकर के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनेश फोगाट ने तीखा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि, "डिप्टी स्पीकर अपनी डिप्टी स्पीकर की हैसियत के हिसाब से बयान दें. व्यक्तिगत कटाक्ष करना उन्हें शोभा नहीं देता है. सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को अपनी गरिमा और जिम्मेदारी के अनुरूप ही टिप्पणी करनी चाहिए."
खेल और राजनीति को अलग रखने की अपील: खेल और राजनीति को अलग रखने की जरूरत पर जोर देते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि, "खिलाड़ी किसी जाति या प्रदेश का नहीं, सिर्फ तिरंगे के लिए लड़ता है. खेल को सियासत से दूर रखें. यदि खिलाड़ी राजनीति छोड़कर मैदान में लौटने का फैसला करें तो वे फिर से देश के लिए खेल सकते हैं."

