बड़ा मंगल 2026: आज छठा बड़ा मंगल और शुभ सर्वार्थ सिद्धि योग, करें ये उपाय
आज 9 जून 2026 को ज्येष्ठ का छठा बड़ा मंगल है। इस दुर्लभ संयोग पर 'सर्वार्थ सिद्धि योग' में हनुमान जी की पूजा और विशेष उपायों से दूर करें सारे संकट।
सनातन धर्म में ज्येष्ठ मास के मंगलवार का एक अलग ही और बेहद खास महत्व है. इस महीने के हर मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है. आज यानी 9 जून 2026 को ज्येष्ठ महीने का छठा बड़ा मंगल है. इस साल खास बात यह है कि ज्येष्ठ के महीने में अधिकमास होने के कारण कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जो अपने आप में एक दुर्लभ संयोग है. आज छठे बड़े मंगल पर एक बेहद शुभ और चमत्कारी सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण भी हो रहा है. यह योग किसी भी शुभ कार्य, पूजा-पाठ, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठान के लिए बहुत शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं कि आज के दिन आपको कौन सा एक छोटा सा उपाय करना चाहिए, जिससे संकटमोचन आपकी झोली खुशियों से भर दें.
बजरंगबली को प्रसन्न करने के लिए करें यह छोटा सा काम
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आज हनुमान मंदिर जाकर भगवान हनुमान को चमेली का तेल और सिंदूर अर्पित करें. इसके बाद हनुमान चालीसा का श्रद्धापूर्वक पाठ करें.
बड़े मंगल के दिन करें ये खास उपाय
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बड़े मंगल के दिन बजरंगबली को बूंदी या बेसन के लड्डुओं का भोग अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है. साथ ही यदि हो सकता है तो आज के दिन जरूरतमंद लोगों को भोजन, पानी या फलों का दान करें, क्योंकि सेवा और दान को हनुमान जी की पूजा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है. इसके अलावा बंदरों को गुड़ और चना खिलाना भी पुण्यदायी माना जाता है. बड़े मंगल के दिन ओम हनुमते नमः मंत्र का कम से कम 108 बार जाप करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है. वहीं लाल रंग के वस्त्र धारण कर मंगल ग्रह की शांति और हनुमान जी की कृपा के लिए प्रार्थना करने से भी शुभ फलों की प्राप्ति होने की मान्यता है.
क्यों खास है छठा बड़ा मंगल?
पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ महीने के प्रत्येक मंगलवार को बड़ा मंगल कहा जाता है. उत्तर भारत, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में बड़े मंगल का विशेष महत्व माना जाता है. इस वर्ष अधिकमास होने के कारण ज्येष्ठ मास लंबा हो गया है, जिसकी वजह से कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं. ऐसे में छठा बड़ा मंगल भी बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगलवार का संबंध मंगल ग्रह और भगवान हनुमान दोनों से माना जाता है. इसलिए इस दिन की गई पूजा न केवल हनुमान जी की कृपा दिलाती है, बल्कि कुंडली में कमजोर मंगल को भी मजबूत करने में सहायक मानी जाती है.

