Pitru Paksha 2026 Simple Remedies: विधि-विधान से श्राद्ध नहीं कर पा रहे हैं? इन आसान तरीकों से पितरों को करें याद

अगर आप पितृपक्ष में विधि-विधान से श्राद्ध नहीं कर पा रहे हैं, तो इन आसान और सरल उपायों से पितरों का स्मरण कर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकते हैं।

 
Sarvapitru Amavasya tarpan

पितृपक्ष का समय पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए खास माना जाता है. इस दौरान लोग अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करते हैं. इस साल पितृपक्ष 27 सितंबर से शुरू हुआ है और 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ इसका समापन होगा. ऐसे में अगर आप भी अपने पितरों का श्राद्ध करना चाहते हैं, लेकिन किसी कारणवश विधि-विधान से श्राद्ध या तर्पण नहीं कर पा रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है.

अगर आप किसी कारणवश पितृपक्ष में श्राद्ध नहीं कर पा रहे हैं, तो कुछ आसान तरीकों से भी पितरों का स्मरण और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितरों के लिए किए गए कर्मों में श्रद्धा और भावना का विशेष महत्व माना गया है. ऐसे में आप अपनी क्षमता और सुविधा के अनुसार इन उपायों को कर सकते हैं.

पशु-पक्षियों को भोजन

पितृपक्ष के दौरान पशु-पक्षियों को भोजन कराना एक आसान उपाय माना जाता है. आप रोजाना गाय को पहली रोटी खिला सकते हैं. इसके अलावा कौवे के लिए भोजन निकालें और चींटियों या चिड़ियों के लिए दाना-पानी रखें. मान्यता है कि ऐसा करने से पितरों का स्मरण और सेवा का भाव व्यक्त होता है.

सर्वपितृ अमावस्या पर तर्पण

अगर किसी वजह से आप अपनी निर्धारित तिथि पर श्राद्ध नहीं कर पाए हैं, तो पितृपक्ष के आखिरी दिन यानी सर्वपितृ अमावस्या पर तर्पण या पिंडदान कर सकते हैं. इस दिन सभी पितरों के लिए श्राद्ध और तर्पण करने की परंपरा मानी जाती है.

ब्राह्मण या जरूरतमंद को भोजन

अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी ब्राह्मण या जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन करा सकते हैं. इसके साथ ही अन्न, वस्त्र या अपनी क्षमता के अनुसार अन्य जरूरी चीजों का दान भी किया जा सकता है. पितृपक्ष में सेवा और दान को भी पुण्यकारी माना जाता है.

काले तिल मिलाकर जल अर्पण

अगर आपको श्राद्ध की विस्तृत विधि नहीं आती है, तो भी आप सरल तरीके से पितरों का तर्पण कर सकते हैं. इसके लिए सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे में जल लें और उसमें काले तिल मिलाएं. दक्षिण दिशा की ओर मुख करके अपने पितरों का स्मरण करते हुए जल अर्पित करें.

पितरों से क्षमा मांगकर करें स्मरण

अगर आप किसी मजबूरी के कारण श्राद्ध नहीं कर पा रहे हैं, तो खुले आकाश के नीचे हाथ जोड़कर अपने पितरों का स्मरण करें और अपनी असमर्थता के लिए उनसे क्षमा प्रार्थना करें. इसके साथ ही इन दिनों श्रीमद्भगवद्गीता या भागवत का पाठ और स्मरण करना भी शुभ माना जाता है.