Wearing God Locket around Neck: क्या गले में भगवान का लॉकेट पहनना शुभ है? जानिए क्या कहते हैं शास्त्र और ज्योतिष

क्या गले में भगवान की तस्वीर वाला लॉकेट पहनना चाहिए? धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार जानिए इसके नियम और सही विकल्प।

 
religious locket rules

आजकल लोग गले में कई तरह के लॉकेट पहनते हैं. कुछ लोग इन्हें फैशन के लिए पहनते हैं, जबकि कुछ धार्मिक आस्था के चलते गले में लॉकेट धारण करना पसंद करते हैं. कई लोगों के गले में भगवान की तस्वीर वाला लॉकेट भी देखा जाता है, फिर चाहे वो सूर्यदेव का हो या फिर गणेश जी का. लेकिन सवाल ये उठता है कि क्या गले में भगवान का लॉकेट पहनना चाहिए? आइए जानते हैं गले में भगवान का लॉकेट पहनना कैसा होता है.

क्या भगवान का लॉकेट गले में पहनना चाहिए?

शास्त्रों और ज्योतिष के जानकारों के अनुसार, गले में देवी-देवताओं के चित्र या मूर्ति वाले लॉकेट पहनना शुभ नहीं माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान के स्वरूप को हमेशा पवित्र और सम्मानजनक स्थिति में रखना चाहिए.

पवित्रता का अभाव:- रोजमर्रा की भागदौड़, खान-पान, सोने और अशुद्ध अवस्था जैसे शौच आदि के बाद शरीर हमेशा पूरी तरह पवित्र नहीं रहता. ऐसे में भगवान की तस्वीर वाला लॉकेट गले में धारण करना उचित नहीं माना जाता. कई बार गंदे या झूठे हाथ भी लॉकेट पर लग सकते हैं, जिससे उसकी पवित्रता भंग होती है.

चित्र का खंडित होना:- गले में लॉकेट पहनकर सोने या रोजमर्रा के काम करने के दौरान भगवान का चित्र वाला लॉकेट टूट या क्षतिग्रस्त हो सकता है. कई बार अनजाने में ऐसी स्थिति भी बन सकती है, जिसे धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं माना जाता.

नकारात्मक प्रभाव:- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अशुद्धता या भगवान के चित्र के साथ उचित मर्यादा न रखने से उसकी सकारात्मकता प्रभावित हो सकती है. इससे जीवन में बाधाएं आने की मान्यता है.

क्या पहन सकते हैं?

अगर आप भगवान से जुड़ा कोई धार्मिक प्रतीक गले में धारण करना चाहते हैं, तो देवी-देवताओं के चित्र के बजाय रुद्राक्ष, तुलसी की माला या संबंधित देवी-देवता का शुभ यंत्र धारण कर सकते हैं. हालांकि, यंत्र धारण करने से पहले किसी जानकार ज्योतिषी की सलाह लेना उचित माना जाता है.

गले में क्या धारण करना चाहिए?

धार्मिक प्रतीक:- भगवान के चित्र वाले लॉकेट के बजाय आप पवित्र प्रतीक जैसे ॐ का लॉकेट पहन सकते हैं. धार्मिक मान्यताओं में ॐ को शुभ माना गया है और इसे मन को शांत रखने वाला प्रतीक माना जाता है.

यंत्र या राशि रत्न:- ज्योतिषीय सलाह के अनुसार आप सूर्य यंत्र या अपनी कुंडली के अनुकूल रत्न और धातु का लॉकेट भी धारण कर सकते हैं. हालांकि रत्न धारण करने से पहले कुंडली के अनुसार सलाह लेना जरूरी माना जाता है.

रुद्राक्ष या तुलसी:- शास्त्रों में रुद्राक्ष की माला और तुलसी की कंठी का विशेष महत्व बताया गया है. इन्हें पूरी पवित्रता और उचित नियमों के साथ गले में धारण करना शुभ और सुरक्षित माना जाता है.