शिव मंदिरों में शिवलिंग के साथ नंदी-गणेश क्यों होते हैं? जानें महत्व

क्या आप जानते हैं शिव मंदिरों में महादेव कभी अकेले क्यों नहीं होते? जानें नंदी, गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय की मूर्तियों के पीछे का आध्यात्मिक रहस्य।

 
भगवान शिव और शक्ति

जब भी हम किसी शिव मंदिर में जाते हैं तो वहां केवल शिवलिंग ही नहीं, बल्कि नंदी, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय और कई बाकी देवी-देवताओं की मूर्तियां भी स्थापित दिखाई देती हैं. बहुत से लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर शिवलिंग के साथ इन मूर्तियों को रखने का क्या महत्व है. क्या यह केवल परंपरा है या इसके पीछे कोई धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी छिपा है? आइए जानते हैं कि मंदिरों में महादेव कभी अकेले क्यों नहीं होते और शिवलिंग के साथ स्थापित बाकी मूर्तियों का क्या महत्व है.

नंदी महाराज की मूर्ति का महत्व

लगभग हर शिव मंदिर में शिवलिंग के ठीक सामने नंदी महाराज की मूर्ति स्थापित होती है. नंदी भगवान शिव के वाहन और उनके परम भक्त माने जाते हैं. मान्यता है कि नंदी हमेशा भगवान शिव के ध्यान में लीन रहते हैं. धार्मिक परंपरा के अनुसार, कई भक्त अपनी मनोकामना नंदी के कान में कहते हैं. माना जाता है कि नंदी उस प्रार्थना को भगवान शिव तक पहुंचाते हैं. यही कारण है कि शिवलिंग के सामने नंदी की उपस्थिति जरूरी मानी जाती है.

गणेश जी की मूर्ति क्यों जरूरी?

भगवान गणेश को विघ्नहर्ता यानी सभी बाधाओं को दूर करने वाला देवता माना जाता है. वह भगवान शिव और माता पार्वती के पुत्र हैं. किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणेश जी की पूजा से की जाती है. इसी वजह से कई शिव मंदिरों में गणेश जी की मूर्ति भी स्थापित की जाती है, ताकि भक्तों को भगवान शिव के साथ गणेश जी का भी आशीर्वाद प्राप्त हो सके.

माता पार्वती की उपस्थिति का क्या है महत्व?

माता पार्वती को शक्ति का स्वरूप माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिव और शक्ति एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं. इसलिए कई मंदिरों में भगवान शिव के साथ माता पार्वती की मूर्ति भी स्थापित की जाती है. यह केवल धार्मिक मान्यता नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन का भी प्रतीक माना जाता है. शिव जहां चेतना का प्रतिनिधित्व करते हैं, वहीं शक्ति ऊर्जा का प्रतीक हैं.

कार्तिकेय और नाग देवता का संबंध

कुछ शिव मंदिरों में भगवान कार्तिकेय की मूर्ति भी देखने को मिलती है. कार्तिकेय भगवान शिव के पुत्र और देवताओं के सेनापति माने जाते हैं. वहीं नाग देवता का संबंध भी भगवान शिव से गहराई से जुड़ा हुआ है. भगवान शिव को नागों का स्वामी माना जाता है और उनके गले में भी सर्प विराजमान रहते हैं. इसी कारण कई मंदिरों में नाग देवता की प्रतिमा या नाग का प्रतीक भी स्थापित किया जाता है.

क्या संदेश देती हैं ये मूर्तियां?

इसलिए शिव मंदिर में मौजूद ये सभी मूर्तियां केवल पूजा के लिए नहीं होतीं, बल्कि वे परिवार, भक्ति, शक्ति, ज्ञान और कर्तव्य का संदेश भी देती हैं. नंदी भक्ति और समर्पण का प्रतीक हैं, गणेश बुद्धि और सफलता का, माता पार्वती शक्ति और प्रेम का, जबकि कार्तिकेय साहस और नेतृत्व का प्रतीक माने जाते हैं. इन सभी के साथ शिवलिंग की स्थापना यह बताती है कि जीवन में संतुलन और परिवार का कितना महत्व है.