Bareilly Road Accident: बरेली में खड़े टैंकर से टकराई बोलेरो, 4 की मौत, 8 घायल
बरेली के सीबीगंज में दर्दनाक हादसा: खड़े टैंकर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, 4 लोगों की मौके पर मौत। एक बच्चे समेत 8 घायल। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उत्तर प्रदेश के बरेली में भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा उस दौरान हुआ जब एक तेज रफ्तार बुलेरो खड़े टैंकर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में एक बच्चे समेत करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली गांव के पास हुआ. शव निकालने के लिए बुलेरो को काटना पड़ा. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा हैं. तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. लोगों ने बताया कि टैंकर सड़क किनार खड़ा था जिसमें अनियंत्रित होकर बोलेरो जा टकराई, इसके बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी बोलेरो से टकरा गई, जिससे स्थित भयावह हो गई.
एक दिन पहले भी हुआ था हादसा
लोगों ने बताया कि शनिवार को भी इसी जगह पर टैंकर और रोडवेज बस की टक्कर हो गई थी. घटना के बाद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर मौके पर ही खड़ा था. रविवार को एक और हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई. मृतकों और घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते टैंकर को वहां से हटा दिया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था, इस लापरवाही ने चार लोगों की जान ले ली फिलहाल अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.
मौके पर मौजूद पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके.

