Delhi-NCR Pollution: दिल्ली-NCR वालों को बड़ी राहत! हवा साफ होते ही GRAP-1 की पाबंदियां हटीं; CAQM ने तत्काल प्रभाव से जारी किया आदेश

दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता (AQI) में सुधार के बाद CAQM ने GRAP-1 की पाबंदियां हटा दी हैं। 14 अक्टूबर 2025 से लागू इन प्रतिबंधों के हटने से निर्माण कार्यों और उद्योगों को राहत मिलेगी। जानें प्रदूषण नियंत्रण को लेकर आयोग के ताजा निर्देश।

 
Pollution Control Measures

दिल्ली‑NCR में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के पहले चरण यानी GRAP-1 की पाबंदियां हटा दी हैं. आयोग ने यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू करने की घोषणा की है. यह फैसला आयोग की 16 मार्च को हुई बैठक में लिया गया.

राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार देखा जा रहा है. एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के बेहतर स्तर पर आने के बाद विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों ने स्थिति की समीक्षा की. इसके बाद CAQM ने फैसला लेते हुए GRAP-1 के तहत लागू सभी प्रतिबंधों को हटाने का आदेश जारी कर दिया.

कब लागू किया गया था GRAP-1?

दिल्ली-NCR में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को नियंत्रित करने के लिए 14 अक्टूबर 2025 को GRAP-1 लागू किया गया था. इस चरण के तहत निर्माण कार्यों पर निगरानी, धूल नियंत्रण के उपाय, कूड़ा और पत्तियां जलाने पर सख्ती, और औद्योगिक इकाइयों के लिए विशेष निर्देश लागू किए गए थे. साथ ही नगर निकायों और संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे.

AQI खराब होने पर लागू होंगी पाबंधियां

अब हवा की गुणवत्ता में सुधार होने के बाद इन प्रतिबंधों को हटाने का निर्णय लिया गया है. हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सामान्य दिशा-निर्देश और निगरानी जारी रहेगी. यदि भविष्य में वायु गुणवत्ता फिर से खराब होती है तो GRAP के तहत चरणबद्ध तरीके से पाबंदियां दोबारा लागू की जा सकती हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव, हवा की गति बढ़ने और स्थानीय स्तर पर उठाए गए नियंत्रण उपायों की वजह से दिल्ली-NCR की हवा में सुधार देखने को मिला है. इसके बावजूद नागरिकों और उद्योगों से अपील की गई है कि वह प्रदूषण कम करने के लिए जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें.

CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वह वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर बनाए रखें और प्रदूषण के स्तर में किसी भी तरह की बढ़ोतरी होने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाएं, ताकि दिल्ली-NCR के लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके.