Kedarnath Heli Service 2026: केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर किराया तय, जानें रूट्स और बुकिंग डिटेल्स
केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 21 अप्रैल से शुरू। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी का नया किराया जारी। IRCTC पोर्टल से ऐसे करें सुरक्षित बुकिंग।
चारधाम यात्रा 2026 के तहत केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को खुलने से एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल से हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू हो जाएंगी. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने इस वर्ष के लिए 8 हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन कर लिया है और गुप्तकाशी, फाटा व सिरसी रूट के लिए किराया भी तय कर दिया है.
चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी. केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं हर साल भारी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए सुविधा का प्रमुख माध्यम होती हैं, खासकर बुजुर्गों और अस्वस्थ यात्रियों के लिए.
किस रूट पर कितनी हेलीकॉप्टर सेवाएं?
केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं हर साल गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से संचालित की जाती हैं. 2022 में पूरी हुई एक टेंडर प्रक्रिया तीन साल के लिए हुई थी, लेकिन 2026 में एक नया टेंडर फाइनल किया गया. इसमें कई ऑपरेटरों ने हिस्सा लिया और आठ का चयन किया गया. इस साल, दो ऑपरेटर गुप्तकाशी से, चार फाटा से और दो सिरसी से सेवाएं संचालित करेंगे.
कहां का कितना किराया?
- गुप्तकाशी से केदारनाथ – 6077 रुपए प्रति व्यक्ति
- फाटा से केदारनाथ – 4,840 रुपए प्रति व्यक्ति
- सिरसी से केदारनाथ – 3,043 रुपए प्रति व्यक्ति
इन किरायों में GST और सुविधा शुल्क शामिल नहीं हैं, जिन्हें बुकिंग के समय जोड़ा जाएगा. पिछले साल की तुलना में, सिरसी से किराए कम किए गए हैं, जबकि गुप्तकाशी और फाटा से किराया बढ़ाया गया है.
पिछले साल कितना था किराया?
पिछले साल गुप्तकाशी से केदारनाथ तक आने-जाने का किराया 12444 रुपए था, जिसके इस बार 290 रुपए कम किए गए हैं. वहीं फाटा से आने-जाने का किराया 8842 रुपए था, जिसमें इस बार 838 रुपए बढ़ाए गए हैं. वहीं सिरसा से आने-जाने का किराया 8839 रुपए था, जिसमें इस बार कुछ 2753 रुपए कम किए गए हैं.
कहां से करें बुकिंग?
धोखाधड़ी से बचने के लिए अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से टिकट केवल आधिकारिक IRCTC Heli Yatra पोर्टल से ही बुक करने की सलाह दी है. तीर्थयात्रिय आधिकारिक IRCTC पोर्टल heliyatra.irctc.co.in पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं. बुकिंग के लिए पोर्टल जल्द ही खुलेगा. वहीं प्रशासन ने कहा है कि यात्रा सीजन के दौरान सुरक्षा और संचालन की कड़ी निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके.

