Apple iPad Mini में होगा बड़ा बदलाव: पहली बार मिलेगा शानदार OLED डिस्प्ले
Apple अपने नए iPad Mini में OLED डिस्प्ले देने की तैयारी में है। जानें नए फीचर्स, लॉन्च की तारीख और iPad Air व एंट्री-लेवल iPad के अपग्रेड से जुड़ी पूरी जानकारी।
Apple अपने लोकप्रिय iPad Mini को अब तक का सबसे बड़ा अपग्रेड देने की तैयारी कर रहा है. सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी नेक्सट जनरेशन के इस टैबलेट में पहली बार OLED डिस्प्ले दे सकती है. माना जा रहा है कि नया iPad Mini इस साल अक्टूबर के आसपास पेश किया जा सकता है. इसके अलावा Apple नए iPad Air और iPad Pro मॉडल्स पर भी काम कर रहा है.
पहली बार मिलेगा OLED पैनल
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले iPad Mini का आंतरिक कोडनेम J510 है. अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो 2021 के बाद यह iPad Mini का सबसे बड़ा हार्डवेयर अपग्रेड होगा. अभी तक OLED स्क्रीन केवल iPad Pro सीरीज तक सीमित थी, लेकिन अब Apple इसे अपने नॉन-प्रो iPad में भी लाने की तैयारी कर रहा है.
OLED डिस्प्ले की मदद से यूजर्स को बेहतर रंग, गहरा ब्लैक लेवल, ज्यादा कॉन्ट्रास्ट और कम बिजली की खपत जैसे फायदे मिल सकते हैं. इससे वीडियो देखने, गेम खेलने और फोटो एडिटिंग का अनुभव पहले से बेहतर हो सकता है.
एंट्री-लेवल iPad भी होगा अपडेट
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Apple एक नए एंट्री-लेवल iPad पर भी काम कर रहा है, जिसका कोडनेम J581 बताया जा रहा है. इस मॉडल को अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है. इसमें नया प्रोसेसर मिलने की संभावना है, साथ ही इसके डिजाइन में भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
iPad Air की नई सीरीज भी तैयार
Apple अपने iPad Air लाइनअप को भी अपडेट करने की योजना बना रहा है. नए मॉडल 11-इंच और 13-इंच स्क्रीन साइज में आ सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इनके कोडनेम J807 और J837 हैं. हालांकि, इनके फीचर्स और प्रोसेसर से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
सभी iPad में आ सकता है OLED डिस्प्ले
Apple पहले अपने iPhone लाइनअप में OLED डिस्प्ले का विस्तार कर रहा है और अब यही रणनीति iPad सीरीज में भी अपनाई जा सकती है. आने वाले साल में कंपनी धीरे-धीरे अधिकतर iPad मॉडल्स में OLED पैनल दे सकती है, जिससे डिस्प्ले क्वालिटी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
भारत में चल रही है Back to School सेल
इस बीच Apple ने भारतीय ग्राहकों के लिए Back to School ऑफर भी शुरू किया है. इस सेल के दौरान iPad और MacBook जैसे डिवाइस आकर्षक कीमतों पर उपलब्ध हैं. इसके साथ चुनिंदा बैंक ऑफर्स, कैशबैक और अन्य लाभ भी दिए जा रहे हैं, जिससे स्टूडेंट्स और नए खरीदारों को अतिरिक्त बचत का मौका मिल सकता है.

