iPhone 18 Pro: बढ़ेगी फोन की मोटाई, जानिए कैमरा और बैटरी का नया अपडेट

iPhone 18 Pro सीरीज पहले से ज्यादा मोटा होगा? जानिए क्यों एप्पल वेरिएबल अपर्चर कैमरा और बड़ी बैटरी के लिए डिजाइन में बदलाव कर रहा है। पढ़ें पूरी लीक रिपोर्ट।

 
iPhone 18 Pro थिकनेस

Apple के अपकमिंग iPhone 18 Pro को लेकर नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं. अब एक नए लीक से इस बात का पता चला है कि इस मॉडल की मोटाई पिछले साल आए iPhone 17 Pro के मुकाबले ज्यादा हो सकती है. मोटाई में यह बढ़ोतरी हार्डवेयर अपग्रेड की वजह से बताई जा रही है, जिसमें वेरिएबल अपर्चर वाला नया कैमरा सिस्टम और बड़ी बैटरी शामिल है.

चीनी माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म वीबो पर शेयर की गई जानकारी के आधार पर एक रिपोर्ट में बताया गया है कि iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की मोटाई 9.9mm से 10.9mm के बीच हो सकती है. इसकी तुलना में, iPhone 17 Pro सीरीज की मोटाई 8.75mm बताई जा रही है, जबकि iPhone 16 Pro मॉडल 8.25mm मोटा था. अगर यह लीक सही साबित होता है, तो आईफोन 18 प्रो पिछले कुछ सालों में आए प्रो मॉडल्स की तुलना थोड़ा ज्यादा मोटा हो सकता है.

क्यों हो रहा iPhone 18 Pro मोटा?

मनीकंट्रोल के मुताबिक, लीक हुई जानकारी में बताया गया है कि एपल वेरिएबल अपर्चर वाला कैमरा लगाने के लिए फोन की बॉडी (चेसिस) की मोटाई बढ़ा रहा है. फिक्स्ड अपर्चर के उलट इस फोन में वेरिएबल अपर्चर दिया जा सकता है जो यूजर्स को यह तय करने की सुविधा देता है कि कैमरे के सेंसर को कितनी रोशनी मिले. इससे अलग-अलग तरह की रोशनी में फोटोग्राफी बेहतर हो सकती है और डेप्थ ऑफ फील्ड पर ज्यादा कंट्रोल मिल सकता है. माना जा रहा है कि मोटाई बढ़ने की मुख्य वजहों में से एक बड़ा कैमरा हार्डवेयर है.

बड़ी बैटरी की उम्मीद

चेसिस के अंदर बची हुई जगह से बड़ी बैटरी लगाने की भी उम्मीद है. रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन 18 प्रो में 4288mAh की बैटरी हो सकती है, जो iPhone 17 Pro की 4252mAh बैटरी से थोड़ी ज्यादा बड़ी है. आईफोन 18 प्रो मैक्स में और भी बड़ा अपग्रेड देखने को मिल सकता है, जिसमें 5567mAh की बैटरी होगी, जबकि iPhone 17 Pro Max में 5088mAh की बैटरी थी. अगर यह जानकारी सही है, तो बैटरी की क्षमता बढ़ने से फोन ज्यादा बैटरी बैकअप दे सकता है.