Apple iPhone Ultra: एप्पल का पहला फोल्डेबल फोन और टचस्क्रीन मैकबुक जल्द!

Apple ला रहा है फोल्डेबल iPhone Ultra और OLED टचस्क्रीन वाला MacBook Ultra। जानें iPhone 18 Pro से ऊपर की इस नई अल्ट्रा कैटेगरी के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन।

 
iPhone Ultra स्पेसिफिकेशन

Apple जल्द कुछ बड़ा कर सकता है, क्या ये फोल्डेबल डिवाइस है? हां, लेकिन सिर्फ फोल्डेबल ही नहीं, कंपनी अल्ट्रा ब्रैंडिंग के तहत नए आईफोन और मैकबुक को आप लोगों के लिए लॉन्च कर सकती है. Macworld की रिपोर्ट के अनुसार जिसे 9to5Mac ने कोट किया है और जो कुछ हद तक Bloomberg के Mark Gurman की पिछली जानकारियों पर आधारित है. Apple के पहले फोल्डेबल आईफोन का नाम शायद iPhone Fold न हो, बल्कि इसके बजाय, कंपनी इसे iPhone Ultra नाम से उतार सकती है.

रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि कंपनी भविष्य के मैकबुक के लिए भी Ultra ब्रैंडिंग पर विचार कर रही है, जिससे शायद उसके पूरे प्रोडक्ट लाइनअप में एक नई कैटेगरी बन सकती है. अगर ऐसा होता है, तो फोल्डेबल iPhone, Pro मॉडल्स की जगह नहीं लेगा. इसके बजाय, उम्मीद है कि यह iPhone 18 Pro और Pro Max से ऊपर होगा यानी ज्यादा महंगा, ज्यादा एक्सपेरिमेंटल और शायद उपलब्धता में भी ज्यादा सीमित.

खबरों के मुताबिक, कंपनी डिस्प्ले पर पड़ने वाली क्रीज को कम करने और फोन की मजबूती बढ़ाने पर भी खास ध्यान दे रही है, ये दो ऐसे पहलू हैं, जिनके लिए फोल्डेबल फोन को अक्सर आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है. स्पीड और मल्टीटास्किंग के लिए आईफोन अल्ट्रा में A20 Pro चिपसेट के साथ-साथ C2 मॉडम भी दिया जा सकता है. फोन में 48MP प्राइमरी और अल्ट्रा-वाइड सेंसर वाला डुअल रियर सेटअप शामिल हो सकता है, साथ ही दोनों डिस्प्ले पर फ्रंट कैमरे भी होंगे. इसमें 5500mAh की बड़ी बैटरी और टाइटेनियम-एल्यूमीनियम से बनी बॉडी होने की भी चर्चा है.

MacBook Ultra

आईफोन अल्ट्रा के अलावा मैकबुक अल्ट्रा पर भी काम चल रहा है. कहा जा रहा है कि इस डिवाइस में OLED टचस्क्रीन होगी जिसकी मांग यूजर्स सालों से कर रहे हैं. लेकिन इसे मौजूदा MacBook Pro लाइनअप में शामिल करने के बजाय, कंपनी इसे एक पूरी तरह से अलग ज्यादा प्रीमियम प्रोडक्ट के तौर पर पेश कर सकती है. इसमें एक नए डिजाइन वाला चेसिस, टच-इनेबल्ड डिस्प्ले और शायद नॉच की जगह Dynamic Island-स्टाइल कट-आउट देखने को मिल सकता है.