ChatGPT भी पीता है पानी: 100 शब्द लिखने में खर्च होती है एक बोतल?
क्या आप जानते हैं ChatGPT 100 शब्द लिखने के लिए कितना पानी खर्च करता है? नई रिसर्च में एआई के बढ़ते इस्तेमाल और डेटा सेंटर्स की पानी खपत पर बड़ा खुलासा।
तेजी से AI का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है, ईमेल लिखवाने से लेकर स्कूल की पढ़ाई और ऑफिस के काम तक अब लोग AI Tools पर निर्भर हो रहे हैं लेकिन क्या आपको पता है कि आपके लिए 100 शब्द लिखने के लिए OpenAI के पॉपुलर एआई टूल ChatGPT को कितना पानी चाहिए होता है? हाल ही में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया रिवरसाइड के रिसर्च में इस बात का खुलासा हुआ है कि अगर कोई व्यक्ति चैटजीपीटी से 100 शब्द लिखवाता है तो इस काम के लिए चैटजीपीटी को कम से कम एक बोतल पानी की जरूरत पड़ती है.
100 शब्द लिखने के लिए इतना पानी पीता है चैटजीपीटी
चैटजीपीटी हो या फिर कोई बड़ा एआई मॉडल, इन सभी कामों के लिए बड़ा डेटा सेंटर की जरूरत पड़ती है. इन सेंटर्स में हजारों सवर्स होते हैं जिससे काफी गर्मी निकलती है और इस गर्मी को कम करने के लिए वाटर बेस्ड कूलिंग सिस्टम लगा होता है. रिपोर्ट की माने तो ChatGPT को 100 शब्द लिखने के लिए करीब 519 मिलीलीटर पानी की जरूरत होती है जो एक सामान्य पानी की बोतल जितनी है.
एआई की बढ़ती मांग से पानी का हो रहा ज्यादा इस्तेमाल
शोधकर्ताओं ने बताया कि एआई की मांग बढ़ने की वजह से डेटा सेंटर की संख्या और उनका आकार भी बढ़ रहा है. माइक्रोसॉफ्ट और मेटा जैसी कंपनियों के डेटा सेंटर अरबों गैलन पानी पी रहे हैं, कई कंपनियों ने तो यहां तक भी माना है कि एआई पर बढ़ते प्रेशर की वजह से पानी की खपत बढ़ी है.
2027 तक हालात हो जाएंगे और भी ज्यादा गंभीर
रिपोर्ट में इस बात की जानकारी सामने आई है कि एआई के लिए इस्तेमाल होने वाला पानी ज्यादातर उन इलाकों से लिया जा रहा है जहां पहले से ही पानी काफी कम है. मेक्सिको, चिली और अमेरिका के कुछ हिस्सों में स्थानीय लोगों ने डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स को लेकर चिंता जाहिर की है.
रिसर्च में बताया गया है कि अगर एआई का विस्तार यूं ही तेजी से होता रहा तो 2027 तक ग्लोबल तक हालात और भी ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. एआई की जरूरत ब्रिटेन की एक साल में जमीन से निकलने वाले पानी के लगभग आधे हिस्से के बराबर हो सकती है जो कि एक चिंता का विषय है.

