ChatGPT Personal Finance: अब बैंक अकाउंट से जुड़ेगा चैटजीपीटी, पल भर में देगा खर्चों का हिसाब

OpenAI ने लॉन्च किया ChatGPT Finance फीचर! अब सीधे बैंक और क्रेडिट कार्ड अकाउंट जोड़कर पूछें खर्चों से जुड़े सवाल। जानें कैसे काम करता है यह फीचर और इसकी सुरक्षा।

 
OpenAI Hiro Acquisition News

OpenAI ने ChatGPT में नया पर्सनल Finance फीचर को शामिल किया है. आसान शब्दों में कहें तो, अब आप लोग अपने बैंक अकाउंट, क्रेडिट कार्ड और इन्वेस्टमेंट अकाउंट को सीधे चैटजीपीटी से जोड़ सकते हैं. आइए आपको बताते हैं कि ये फीचर किस तरह से काम करता है, ये फीचर क्या देख सकता है, क्या नहीं देख सकता है और अगर आपका मन बदलता है तो आप इस फीचर को किस तरह से बंद कर सकते हैं. इसके अलावा आप लोगों को ये भी बताएंगे कि ये फीचर फिलहाल कहां उपलब्ध है?

कैसे काम करेगा ये नया फीचर?

एक बार जैसे ही आप कोई भी अकाउंट इससे कनेक्ट कर लेते हैं तो ChatGPT आपको एक डैशबोर्ड दिखाता है कि आपका पैसा कहां जा रहा है जैसे कि खर्च, निवेश, एक्टिव सब्सक्रिप्शन और आने वाले पेमेंट. आप इससे ऐसे सवाल पूछ सकते हैं जिनसे आप आम तौर पर बचते हैं जैसे कि क्या मैं सामान्य से ज्यादा खर्च कर रहा हूं, क्या मैं पांच सालों में घर खरीद सकता हूं, मैं किन सब्सक्रिप्शन के लिए अभी भी पेमेंट कर रहा हूं जिनके बारे में मैं भूल गया हूं. ये चैट डिफॉल्ट रूप से GPT-5.5 Thinking पर काम करती है, जो ओपनएआई का नया रीजनिंग मॉडल है.

प्रो यूजर्स को GPT-5.5 Pro भी मिलता है, जिसके बारे में ओपनएआई का कहना है कि यह पैसे से जुड़े ज्यादा मुश्किल सवालों को बेहतर तरीके से संभालता है. इस फीचर को शुरू करने के लिए, साइडबार में दिख रहे Finances ऑप्शन को खोलें या किसी भी चैट में बस @Finances, connect my accounts टाइप करें.

ये फीचर क्या देख सकता है, क्या नहीं और इसे कैसे बंद करें?

ये एक दिलचस्प सवाल है कि चैटजीपीटी का ये नया फीचर क्या देख सकता है और क्या नहीं? ये नया फीचर आप लोगों के बैलेंस, लेन-देन, निवेश और देनदारियों (liabilities) को पढ़ सकता है. यह पैसे ट्रांसफर नहीं कर सकता और न ही आपके पूरे अकाउंट नंबर को देख सकता है.

अगर आपका मन बदल जाता है, तो आप किसी भी अकाउंट को डिस्कनेक्ट कर सकते हैं और सिंक किया गया डेटा 30 दिनों के अंदर मिटा दिया जाता है. यह फ़ीचर OpenAI द्वारा पर्सनल फ़ाइनेंस स्टार्टअप Hiro को खरीदने के एक महीने बाद आया है, Hiro की टीम ने इसे बनाने में मदद की, हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि इसके लिए उसने कितनी रकम खर्च की. इसके बाद Intuit का सपोर्ट आने वाला है, जिससे ChatGPT के अंदर ही स्टॉक की बिक्री पर टैक्स का अनुमान और क्रेडिट कार्ड अप्रूवल की संभावनाएं पता चल सकेंगी.

ध्यान दें: यह फ़ीचर अभी US में Pro यूजर्स के लिए है, जो हर महीने $200 (लगभग 19194 रुपए) खर्च करते हैं. Plus यूज़र्स को ये फीचर बाद में मिलेगा और OpenAI का कहना है कि ये फीचर जल्द सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगा.