Poco M8x 5G Price & Specifications: भारत में इस दिन एंट्री लेगा पोको M8x 5G, जानें संभावित कीमत और फीचर्स
पोको एम8एक्स 5जी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. कंपनी ने भारत में इस स्मार्टफोन की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है. पोको एम8एक्स 5जी को 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे भारत में लॉन्च किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, यह देश का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसमें स्नैपड्रैगन 4 जेन 5 चिपसेट मिलेगा. फोन में 12GB तक रैम और बेहतर हीट मैनेजमेंट के लिए ट्रिपल कूलिंग सिस्टम दिया जाएगा.
21 अगस्त को होगा लॉन्च
पोको एम8एक्स 5जी भारत में 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे लॉन्च किया जाएगा. कंपनी ने इसकी बिक्री के लिए फ्लिपकार्ट की पुष्टि की है. यह फोन पोको की एम8 सीरीज का नया मॉडल होगा, जिसमें पहले से एम8 5जी और एम8 पावर 5जी शामिल हैं. फ्लिपकार्ट माइक्रोसाइट के जरिए कंपनी ने फोन के कई फीचर्स की जानकारी भी साझा की है. सबसे खास बात यह है कि पोको एम8एक्स 5जी भारत का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसमें स्नैपड्रैगन 4 जेन 5 चिपसेट दिया जाएगा.
12GB रैम और ट्रिपल कूलिंग सिस्टम
पोको के मुताबिक, एम8एक्स 5जी को एंटूटू पर 6,50,000 से ज्यादा का स्कोर मिल सकता है. फोन में 12GB रैम दी गई है, जिसमें 6GB वर्चुअल रैम शामिल है. इसमें एलपीडीडीआर4एक्स रैम और यूएफएस 2.2 स्टोरेज दिया जाएगा. फोन में गर्मी को नियंत्रित करने के लिए ट्रिपल कूलिंग सिस्टम भी मिलेगा. इसमें 12,439 वर्ग मिलीमीटर का ग्रेफाइट कूलिंग सिस्टम, 1,924 वर्ग मिलीमीटर की कॉपर फॉयल लेयर और 3.5 वॉट का थर्मल जेल शामिल है. कंपनी का दावा है कि फोन को 48 महीने तक लैग-फ्री इस्तेमाल के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है.
6.9 इंच डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी की उम्मीद
फोन के बाकी स्पेसिफिकेशन्स अभी पूरी तरह सामने नहीं आए हैं. पिछली रिपोर्ट के मुताबिक, पोको एम8एक्स 5जी में 6.9 इंच का एचडी+ आईपीएस एलसीडी डिस्प्ले मिल सकता है, जिसका रिफ्रेश रेट 120 हर्ट्ज होगा. इसमें 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलने की भी बात कही गई है. फोन में 6,000mAh की बैटरी और 33 वॉट वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की उम्मीद है. कीमत को लेकर एक टिप्स्टर का दावा है कि फोन भारत में 20,000 रुपये से कम में आ सकता है. तुलना के लिए, पोको एम8 5जी की शुरुआती कीमत 18,999 रुपये थी, जबकि एम8 पावर 5जी 24,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था.

