WhatsApp Plus: व्हाट्सएप का नया प्रीमियम प्लान लॉन्च! ₹279 में मिलेंगे कस्टम थीम्स और 20 चैट पिन करने की सुविधा
मेटा लाया 'WhatsApp Plus' प्रीमियम सब्सक्रिप्शन! अब 18 कलर थीम्स, 14 नए ऐप आइकन और 20 चैट पिन जैसे फीचर्स के साथ बदल जाएगा चैटिंग का अंदाज। जानें कीमत और डिटेल्स।
WhatsApp Plus: व्हाट्सएप यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव आने वाला है. मेटा अब व्हाट्सएप प्लस नाम का नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन फीचर रोलआउट कर रहा है, जिससे चैटिंग का अनुभव पहले से ज्यादा पर्सनल और स्टाइलिश हो जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फीचर पहले कुछ एंड्रॉयड यूजर्स के लिए टेस्ट किया गया था और अब धीरे-धीरे आईफोन यूजर्स तक भी पहुंच रहा है. इस नए प्लान में कस्टम थीम, खास स्टिकर, नए ऐप आइकन और ज्यादा चैट पिन करने जैसे फीचर मिलने वाले हैं. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि व्हाट्सएप प्लस है क्या और इसमें यूजर्स को क्या-क्या नए फीचर्स मिलेंगे और क्या फायदा होगा.
क्या है व्हाट्सएप प्लस और कैसे करेगा काम
व्हाट्सएप प्लस एक वैकल्पिक मासिक सब्सक्रिप्शन प्लान है, जिसे मेटा खास तौर पर उन यूजर्स के लिए ला रहा है जो अपने व्हाट्सएप इंटरफेस को ज्यादा कस्टमाइज करना चाहते हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार यह फीचर फिलहाल केवल व्हाट्सएप मैसेंजर के लिए टेस्ट किया जा रहा है और व्हाट्सएप बिजनेस यूजर्स को अभी इसका फायदा नहीं मिलेगा. कंपनी ने साफ किया है कि यह प्रीमियम प्लान व्हाट्सएप के सामान्य इस्तेमाल को प्रभावित नहीं करेगा. यानी जो यूजर सब्सक्रिप्शन नहीं लेना चाहते, वे पहले की तरह सामान्य चैटिंग और कॉलिंग का इस्तेमाल कर पाएंगे. व्हाट्सएप प्लस का मकसद ऐप को ज्यादा पर्सनल और विजुअली आकर्षक बनाना बताया जा रहा है.
यूजर्स को मिलेंगे ये खास प्रीमियम फीचर
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सएप प्लस में कई खास फीचर दिए जाएंगे. सब्सक्राइबर्स को 18 अलग-अलग कलर थीम मिलेंगी, जिनसे पूरा व्हाट्सएप इंटरफेस बदला जा सकेगा. इसके अलावा 14 नए ऐप आइकन का विकल्प भी मिलेगा, जिनमें ब्लैक एंड व्हाइट और अलग डिजाइन वाले आइकन शामिल होंगे. व्हाट्सएप प्लस यूजर्स को एक्सक्लूसिव स्टिकर पैक भी मिलेंगे जिनमें एनिमेटेड इफेक्ट होंगे. अभी सामान्य यूजर्स सिर्फ तीन चैट पिन कर सकते हैं, लेकिन प्रीमियम यूजर्स को 20 चैट तक पिन करने की सुविधा मिल सकती है. इसके अलावा एक साथ कई चैट पर एक जैसा थीम, रिंगटोन और नोटिफिकेशन सेट करने का फीचर भी दिया जा सकता है.
रिंगटोन और चैट मैनेजमेंट में भी मिलेगा नया एक्सपीरियंस
व्हाट्सएप प्लस में सिर्फ डिजाइन ही नहीं बल्कि चैट मैनेजमेंट को भी ज्यादा स्मार्ट बनाने की तैयारी है. रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 10 खास रिंगटोन मिलेंगी, जिनमें फ्लटर, टेम्पो और रिपल जैसे विकल्प शामिल होंगे. यूजर्स अलग-अलग चैट के लिए बेहतर नोटिफिकेशन कंट्रोल भी इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे व्हाट्सएप इस्तेमाल करने का अनुभव ज्यादा प्रीमियम महसूस होगा. कंपनी कथित तौर पर ऐसे फीचर भी जोड़ रही है जिससे यूजर्स पूरी चैट लिस्ट पर एक साथ सेटिंग लागू कर सकें. यानी बार-बार अलग-अलग चैट की सेटिंग बदलने की जरूरत कम हो जाएगी. यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है जो व्हाट्सएप का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं.
कितनी होगी कीमत और कब मिलेगा फीचर
रिपोर्ट्स के मुताबिक व्हाट्सएप प्लस की कीमत अलग-अलग देशों में अलग रखी गई है. यूरोप में इसकी कीमत करीब 2.49 यूरो प्रति महीना यानी लगभग 279 रुपये बताई जा रही है. वहीं पाकिस्तान में इसकी कीमत 229 पाकिस्तानी रुपये और मेक्सिको में करीब 29 डॉलर रखी गई है. कहा जा रहा है कि कुछ यूजर्स को फ्री ट्रायल का विकल्प भी मिल सकता है. सब्सक्रिप्शन हर महीने अपने आप रिन्यू होगा, हालांकि यूजर चाहें तो ऐप स्टोर या प्लेटफॉर्म सेटिंग से इसे बंद भी कर सकेंगे. फिलहाल यह फीचर सीमित यूजर्स के लिए टेस्टिंग फेज में है और आने वाले समय में ज्यादा लोगों तक पहुंच सकता है.

