How to Withdraw Cash from ATM using UPI: बिना डेबिट कार्ड के ATM से निकालें कैश; बस स्कैन करें QR कोड, जानें UPI और YONO Cash का पूरा तरीका
अब ATM कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं! UPI ऐप और QR कोड की मदद से किसी भी समय ATM से कैश निकालें। जानें UPI Cash Withdrawal की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया, इसके फायदे और SBI ग्राहकों के लिए YONO Cash सुविधा की पूरी जानकारी।
आज के डिजिटल दौर में बैंकिंग तेजी से बदल रही है. अब आप ATM कार्ड के बिना भी ATM मशीन से कैश निकाल सकते हैं. जी हां! यह अपने फोन से ऑनलाइन पेमेंट करने जितना ही आसान है. अगर आपके फोन में UPI ऐप है, तो आप सिर्फ QR कोड स्कैन करके भी ATM से कैश निकाल सकते हैं. कई बैंक अब अपने ATM में UPI Cash Withdrawal या QR Code Scan का विकल्प देते हैं. इससे न केवल पैसे निकालना आसान होता है, बल्कि कार्ड क्लोनिंग और स्किमिंग जैसे साइबर फ्रॉड से भी सुरक्षा मिलती है. चलिए जानते हैं तरीका.
क्या है UPI से कैश निकालने की सुविधा
UPI से ATM कैश निकालने की सुविधा एक नई डिजिटल बैंकिंग तकनीक है, जिसमें डेबिट कार्ड की जगह मोबाइल फोन और UPI ऐप का इस्तेमाल किया जाता है. इस सुविधा में ATM स्क्रीन पर UPI Cash Withdrawal का विकल्प दिखाई देता है, जिसे चुनने के बाद मशीन एक QR कोड जनरेट करती है. यूजर को बस अपने फोन के UPI ऐप से उस QR कोड को स्कैन करना होता है. इसके बाद UPI PIN डालते ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाता है और ATM से कैश मिल जाता है. यह प्रक्रिया तेज और सुरक्षित मानी जाती है क्योंकि इसमें फिजिकल कार्ड का इस्तेमाल नहीं होता.
UPI से कैश निकालने के फायदे
UPI के जरिए ATM से पैसे निकालने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको अपने साथ डेबिट कार्ड रखने की जरूरत नहीं रहती. अगर कार्ड खो जाए या चोरी हो जाए तो भी पैसे निकालने में कोई परेशानी नहीं होती. इसके अलावा यह तरीका ज्यादा सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इसमें कार्ड क्लोनिंग या स्किमिंग जैसे साइबर फ्रॉड का खतरा कम हो जाता है. साथ ही बार-बार कार्ड डालने और पिन छिपाकर टाइप करने की झंझट भी खत्म हो जाती है. केवल QR कोड स्कैन करने से ही पूरा काम हो जाता है.
UPI के जरिए पैसे निकालने का तरीका
- UPI से कैश निकालने के लिए सबसे पहले उस ATM पर जाएं जहां UPI Cash Withdrawal का विकल्प उपलब्ध हो.
- अब मशीन की स्क्रीन पर आपको UPI Cash का ऑप्शन चुनना होगा.
- अब वह राशि दर्ज करें जिसे आप निकालना चाहते हैं.
- इसके बाद ATM स्क्रीन पर एक QR कोड दिखाई देगा.
- इस QR कोड को अपने फोन में मौजूद किसी भी UPI ऐप से स्कैन करें.
- QR कोड स्कैन करने के बाद आपको अपने फोन पर UPI PIN डालना होगा.
- जैसे ही PIN डालकर ट्रांजैक्शन कन्फर्म करेंगे, ATM मशीन से पैसे निकल जाएंगे.
इस्तेमाल से पहले इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
UPI से कैश निकालने के लिए सबसे पहले यह जरूरी है कि जिस ATM का आप इस्तेमाल कर रहे हैं उसमें UPI फीचर उपलब्ध हो. इसके साथ ही आपके फोन में सक्रिय और अपडेटेड UPI ऐप होना चाहिए और आपके फोन में इंटरनेट कनेक्शन भी चालू होना चाहिए. ज्यादातर ATM में इस सुविधा के जरिए एक बार में करीब 5,000 से 10,000 रुपये तक ही निकाले जा सकते हैं.
YONO SBI से भी निकाल सकते हैं ATM से कैश
अगर आपका खाता SBI (State Bank of India) में है, तो आप YONO SBI ऐप की मदद से भी बिना डेबिट कार्ड ATM से पैसे निकाल सकते हैं. इस सुविधा को YONO Cash कहा जाता है. इसमें आपको पहले YONO SBI मोबाइल ऐप के जरिए कैश निकालने के लिए रिक्वेस्ट करनी है और फिर ATM पर जाकर आसानी से पैसा मिल निकाल सकते हैं.
YONO Cash की खास बात यह है कि इसमें किसी फिजिकल कार्ड की जरूरत नहीं होती. आपको ऐप में लॉग-इन करके कैश निकालने की रकम डालनी है और एक 6 अंकों का रेफरेंस नंबर और PIN बनाना है. इसके बाद SBI ATM पर जाकर वही नंबर और PIN डालने पर मशीन से कैश निकल सकते हैं. YONO Cash से ATM से एक बार में अधिकतम 20,000 रुपये तक निकाले जा सकते हैं और यह सेवा पूरे देश में कई SBI ATM और YONO Cash पॉइंट्स पर उपलब्ध है.

