Xiaomi 17 Series Launch: शाओमी के दो धाकड़ स्मार्टफोन और Pad 8 आज होंगे लॉन्च, 200MP कैमरा और 7000mAh बैटरी; जानें कीमत
Xiaomi 17 और 17 Ultra आज भारत सहित ग्लोबल मार्केट में एंट्री कर रहे हैं। 200MP पेरिस्कोप लेंस, Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर और 7000mAh बैटरी के साथ ये फोन आईफोन को टक्कर देंगे। जानें संभावित कीमत, फीचर्स और लाइव इवेंट देखने का तरीका।
स्मार्टफोन ब्रांड शाओमी आज अपनी नई फ्लैगशिप Xiaomi 17 सीरीज को भारत सहित ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करने जा रही है. इस लाइनअप में Xiaomi 17 और Xiaomi 17 Ultra स्मार्टफोन शामिल होंगे, जबकि साथ में Pad 8 टैबलेट भी पेश किया जाएगा. Xiaomi 17 Ultra का कैमरा काफी दमदार है और यह भारत का सबसे पावरफुल कैमरा फोन हो सकता है. कंपनी इस बार कैमरा, बैटरी और परफॉर्मेंस पर खास फोकस कर रही है. लॉन्च से पहले ही इन डिवाइसेज के कई दमदार फीचर्स सामने आ चुके हैं, जिससे यूजर्स में उत्साह बढ़ गया है.
संभावित कीमतें क्या होंगी
रिपोर्ट्स के मुताबिक यूरोप में Xiaomi 17 की शुरुआती कीमत लगभग 999 यूरो रखी जा सकती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1,06,500 रुपये बैठती है. वहीं Xiaomi 17 Ultra की कीमत करीब 1,499 यूरो यानी लगभग 1,59,850 रुपये से शुरू हो सकती है. हालांकि, भारत में फोन को कम कीमत में पेश किया जा सकता है. लीक्स के मुताबिक भारत में Xiaomi 17 की कीमत 80,000 रुपये से कम रहने की उम्मीद है, जबकि Ultra मॉडल करीब 1,25,000 रुपये के आसपास आ सकता है. Xiaomi Pad 8 टैबलेट की शुरुआती कीमत भारत में 35,000 रुपये से कम रहने की संभावना जताई जा रही है.
Xiaomi 17 Ultra में मिलेगा धांसू कैमरा
Xiaomi 17 Ultra में 6.9-इंच LTPO AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz एडाप्टिव रिफ्रेश रेट और 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आता है. फोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर और HyperOS 3 आधारित Android 16 मिलता है, जो फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस देता है. फोटोग्राफी के लिए फोन में Leica ट्यून ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा, जिसमें 50MP का 1-इंच प्राइमरी सेंसर (OIS के साथ), 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा और 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल है, जो 3.2x से 4.3x ऑप्टिकल जूम देता है. यह डिवाइस 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है और फ्रंट में 50MP का सेल्फी कैमरा मिलेगा. फोन में 6,800mAh की बड़ी बैटरी मिलेगी, जो 90W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इसके अलावा डिवाइस को IP66, IP68 और IP69 रेटिंग तथा Wi-Fi 7 कनेक्टिविटी के साथ पेश जाएगा.
Xiaomi 17 और Pad 8 में क्या खास
स्टैंडर्ड Xiaomi 17 में 6.3-इंच OLED डिस्प्ले, Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिप और Leica ट्यून ट्रिपल 50MP कैमरा सेटअप मिलता है. फोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. वहीं Xiaomi Pad 8 टैबलेट Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर के साथ आता है और इसमें 11.2-इंच 3.2K डिस्प्ले तथा 144Hz रिफ्रेश रेट मिलता है. टैब में 9,200mAh बैटरी, क्वाड स्पीकर्स और Dolby Atmos सपोर्ट दिया गया है, जो इसे एंटरटेनमेंट और प्रोडक्टिविटी दोनों के लिए मजबूत विकल्प बनाता है.
कैसे देखें लाइवस्ट्रीम
Xiaomi 17 सीरीज का ग्लोबल लॉन्च इवेंट आज शाम 6:30 बजे IST पर आयोजित होगा. कंपनी इस इवेंट को अपने आधिकारिक YouTube चैनल पर लाइव स्ट्रीम करेगी, जहां दर्शक घर बैठे लॉन्च देख सकेंगे. Amazon India पर इसका माइक्रोसाइट पहले ही लाइव हो चुकी है.

