19वीं सीनियर हरियाणा स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप का हुआ समापन
भिवानी :
हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई के मैदान पर पिछले दो दिनों से चल रहे रोमांचक खेल का रविवार को भव्य समापन हुआ। 19वीं सीनियर हरियाणा स्टेट नेटबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) में रोहतक की टीमों ने अपने असाधारण कौशल का प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आई 16 पुरुष और 16 महिला टीमों ने हिस्सा लिया था।
इस बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन की प्रदेश महासचिव बबीता दहिया ने बताया कि प्रदेश स्तरीय इस चैंपियनशिप में प्रदेश भर के 16 जिलों की टीमों ने भाग लिया। जिसमें भिवानी जिला से महिला व पुरूष टीम ने भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोहतक और पलवल की टीमें एक-एक अंक के लिए संघर्ष करती नजर आईं, लेकिन अंतत: रोहतक ने 19-15 के स्कोर के साथ जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। इस चैंपियनशिप में रोहतक ने स्वर्ण, पलवल ने रजत पदक हासिल किया। वही जींद व सोनीपत के बीच मुकाबला 18-18 अंकों पर छूटा तथा दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल किया। इसी प्रकार महिला वर्ग में भी रोहतक की टीम का विजय रथ जारी रहा।
फाइनल मैच में मेजबान सोनीपत और रोहतक की टीम आमने-सामने थीं। रोहतक की खिलाडिय़ों ने बेहतर तालमेल और सटीक गोलिंग की बदौलत सोनीपत को 20-14 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस वर्ग में रोहतक की टीम ने स्वर्ण, सोनीपत ने रजत तथा कैथल व पलवल की टीम ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक जीता।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव विजेंद्र सिंह दहिया ने विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के मुकाबलों का स्तर अंतरराष्ट्रीय मानकों जैसा था। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में प्रतिभा की कमी नहीं है और रोहतक का दोनों वर्गों में चैंपियन बनना यह दर्शाता है कि वहां जमीनी स्तर पर कितनी मेहनत हो रही है। इस तरह के आयोजनों से राष्ट्रीय स्तर के लिए नए सितारे उभरेंगे।
नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ डिस्ट्रिक्ट सोनीपत द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप के सफल समापन पर एसोसिएशन के महासचिव एडवोकेट सुनील राठी ने सभी सहयोगियों और रेफरी पैनल का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार और चंडीगढ़ नेटबॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट विकास शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह के अंत में हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों चेयरमैन हरि ओम कौशिक और महासचिव बबिता दहिया ने भी सभी प्रतिभागियों को उनके खेल भावना के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

