हरियाणा रोडवेज ने ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर,  2 लोगों की मौत, 3 घायल

 
हरियाणा रोडवेज ने ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर,  2 लोगों की मौत, 3 घायल

सिरसा में शनिवार सुबह रोडवेज बस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार महिलाएं और पुरुष रोड पर गिर गए, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद रोड पर जाम लग गया। रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली को रोड से साइड में करवाया जा रहा है। हादसा सुबह करीब सवा 9 बजे ऐलनाबाद में हनुमानगढ़ रोड पर बाजीगरों की ढाणी के पास हुआ। हरियाणा रोडवेज की बस सिरसा की ओर आ रही थी। बस में सवार सभी सवारियां सुरक्षित हैं।

दरअसल, गांव ममेरा कलां रोड पर स्थित ढाणी से किसान खेत में नरमा फसल की चुगाई के लिए लेबर लेकर रामपुरा गांव में जा रहा था। दोनों मृतक ममेरा कलां की ढाणी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ट्रैक्टर ड्राइवर को भी काफी चोटें आई है, उसे भी अस्पताल में पहुंचाया गया है।

वहीं, ऐलनाबाद पुलिस थाना के प्रभारी प्रगट सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अभी घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया है। मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सिरसा रोडवेज डिपो के ड्यूटी इंचार्ज नंदलाल ने बताया कि ड्राइवर हरफूल और कंडक्टर पीयूष कुमार बस में तैनात थे। दोनों ही सिरसा बस स्टैंड से सुबह 6.50 बजे बस लेकर राजस्थान के अनुपगढ़ रवाना हुए थे।

ऐलनाबाद शहर से निकलने के बाद बाजीगरों की ढाणी के पास बस ट्रैक्टर ट्रॉली को क्रॉस कर रही थी। तभी ट्रॉली का पीछे का हूक टूक गया और उसका बैलेंस बिगड़ गया। ऐसे में ट्रॉली पलट गई। बस में सवार यात्री और कर्मचारी सुरक्षित हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार लोगों को चोटें आई हैं। हम इसकी जांच कर रहे हैं।