हरियाणा में धुंध में ट्रक-बस की टक्कर, 2 की मौत
हरियाणा में पहाड़ों की ठंड मैदानों में उतर आई है। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के बुलेटिन के मुताबिक, गुरुवार सुबह हिसार का तापमान सबसे कम 0.2 डिग्री दर्ज किया गया।
इस दौरान प्रदेश में धुंध और कोहरे से विजिबिलिटी कम हुई है और हादसे हो रहे हैं।
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में गांव गुजर नंगला के पास आज सुबह करीब 7 बजे दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक की बस से टक्कर हो गई। इसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों ने बताया कि हादसा तेज गति और धुंध के कारण हुआ। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
वहीं, कुरुक्षेत्र के लाडवा में धुंध के बीच तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 19 साल के जूडो-कराटे खिलाड़ी की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों एकेडमी में ट्रेनिंग कर घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान जोगी माजरा के निवासी एकांत के रूप में हुई। वहीं, गुढ़ा का रहने वाला उसका दोस्त रोहन घायल है।
पिछले 15 सालों में पांचवीं बार ऐसा हुआ है, जब न्यूनतम तापमान हिसार में 0.2 डिग्री तक गया है। हिसार में न्यूनतम तापमान ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2025 में 15 जनवरी को तापमान 3.5 डिग्री, 2024 में 16 दिसंबर को 1.1 डिग्री दर्ज किया था।
हिसार के अलावा महेंद्रगढ़ में तापमान 0.8 डिग्री दर्ज किया गया है। हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी में 8 जिलों में अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर गया। ऐसे में हरियाणा में कल से स्कूल खुलने जा रहे हैं। हरियाणा शिक्षा विभाग ने 15 जनवरी तक सर्दियों की छुटि्टयों के आदेश दिए थे।

