भिवानी में शादी से लौट रहे 2 व्यक्तियों की मौत
भिवानी के लोहारू में मंगलवार सुबह पिलानी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव लाडून्दा से शादी समारोह में शामिल होकर लोहारू लौट रही कार अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह पुलिस टीम और डायल 112 के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने स्वयं बचाव कार्य का नेतृत्व किया और सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उप नागरिक अस्पताल लोहारू पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
अस्पताल में उपचार के दौरान गांव बड़बर निवासी महेंद्र (लगभग 75 वर्ष) और शारदा (लगभग 60 वर्ष) ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया। वहीं, धनपति, विनय, नरेश और मंजू को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर किया गया है।

