भिवानी में बाप-बेटा समेत 3 की मौत, 2 घायल

 
भिवानी में बाप-बेटा समेत 3 की मौत, 2 घायल

भिवानी 

लोहारू रोड स्थित हालुवास मोड़ पर महिंद्र बोलेरो ने बाइक और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। इस हादसे में पिता-पुत्र सहित गांव देवसर के ही 3 लोगों की मौत हो गई।

हादसा शुक्रवार रात को हुआ जब वे भिवानी से घर लौट रहे थे।

इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। मृतकों की पहचान गांव देवसर निवासी करीब 13 वर्षीय लवप्रीत, उसके पिता करीब 40 वर्षीय विनोद और गांव देवसर निवासी रमेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गांव देवसर निवासी विनोद अपने बेटे लवप्रीत के साथ बाइक पर सवार होकर भिवानी से अपने गांव जा रहे थे। वहीं गांव देवसर निवासी रमेश, राकेश और कृष्ण ई-रिक्शा में बैठकर भिवानी की तरफ से जा रहे थे। जब वे लोहारू रोड स्थित हालुवास मोड़ पर पहुंचे तो पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस हादसे में बोलेरो, बाइक और ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं बाइक सवार विनोद और लवप्रीत तथा ई-रिक्शा सवार रमेश, राकेश और कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने बाप-बेटे को मृत घोषित कर दिया। इधर, ई-रिक्शा सवार तीनों रमेश, राकेश और कृष्ण का उपचार आरंभ कर दिया। वहीं उपचार के दौरान रमेश की भी मौत हो गई। फिलहाल दोनों का उपचार चल रहा है।

गांव देवसर के सरपंच संजय ने बताया कि गांव के ही पांच लोगों का रात को एक्सीडेंट हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इधर, दो लोगों की अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है। इसका पता लगने ही वे खुद मौके पर अस्पताल में पहुंचे। साथ ही अन्य ग्रामीण भी पता लगने ही मौके पर पहुंचे।

जुई कलां पुलिस थाना एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि रात को एक्सीडेंट होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।