सोनीपत से हरिद्वार जा रहे 4 भाइयों की मौत
हरियाणा के सोनीपत से हरिद्वार जा रहे 4 चचेरे भाइयों की कार शुक्रवार देर रात उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हादसे का शिकार हो गई।
पानीपत–खटीमा हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे में चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर उसे कंट्रोल नहीं कर सका। इसी के चलते स्विफ्ट कार एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़े कैंटर में जा घुसी और कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से शव निकाले। मृतक सोनीपत जिले के बरोदा गांव के बताए जा रहे हैं।
हादसे में मरने वालों में एक युवक की कल शादी होनी थी। जबकि दूसरे युवक की फरवरी माह में शादी थी। चारों ही अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। चारों ने अचानक गंगा स्नान का प्लान बनाया और कार में सवार होकर निकल पड़े।
जानकारी के अनुसार, गांव बरोदा का रहने वाला साहिल अपने 3 भाइयों के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहा था। शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे जब कार बुटराड़ा फ्लाईओवर पार कर रहा था, तभी रेस्टोरेंट के बाहर खड़े कैंटर में उसकी कार जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह पिचक गई।
वहीं, कैंटर के भी पहिए निकल गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शामली की बाबरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों युवकों की लाशों को खींचकर बाहर निकाला। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी राहुल सिसौदिया ने बताया कि कार के नंबर HR09K-8004 से परिजनों की पहचान कर उन्हें हादसे की सूचना दी गई।
वहीं, साहिल की पिछले साल फरवरी में शादी हुई थी। यह भी परिवार का इकलौता बेटा था। वह गोहाना के एक डाकखाने में पिछले दो साल से नौकरी कर रहा था। विवेक 22 साल का युवक था और उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं। विवेक भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
वहीं, परमजीत भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कल उसकी शादी होनी थी। परिवार शादी की तैयारी में जुटा हुआ था। चारों युवकों ने शादी से पहले हरिद्वार में स्नान करने की प्लानिंग बनाई। लेकिन देर रात सड़क हादसे में चारों की मौत हो गई।

