हरियाणा रोडवेज और गाड़ी में टक्कर, 4 लोगों की मौत
कैथल में सोमवार सुबह हरियाणा रोडवेज की बस ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए।
ये सभी पंजाब के बठिंडा से गाड़ी में कुरुक्षेत्र के पिहोवा में गुरुद्वारा में होने वाले एक कार्यक्रम में जा रहे थे।
जैसे ही वे गांव क्योड़क के पास पहुंचे, तो हादसा हो गया। बस की टक्कर से गाड़ी पलट गई। इस गाड़ी में 7 लोग सवार थे। हरियाणा रोडवेज की ये बस आदमपुर से चंडीगढ़ जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार ये लोग रविवार को बठिंडा से कुरुक्षेत्र के पिहोवा लिए रवाना हुए थे। रात होने के कारण कैथल के नीम साहब गुरुद्वारा में रुक गए। सुबह यहां से लंगर प्रसाद खाने के बाद पिहोवा के लिए रवाना हो गए। जैसे ही क्योड़क गांव में रिलायंस पंप के पास पहुंचे तो रोडवेज बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
इसमें 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 गंभीर घायल हो गए। घायलों को कैथल के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां से 65 वर्षीय तारा सिंह, 70 वर्षीय कुलवंत और 55 वर्षीय मंदर सिंह को चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया हैं।

