करनाल में जीटी रोड पर 4 लोगों की मौत

 
करनाल में जीटी रोड पर 4 लोगों की मौत

हरियाणा में करनाल के घरौंडा में आज सुबह (बुधवार को) नेशनल हाईवे- 44 पर एक बड़ा हादसा हो गया। इसमें रॉन्ग साइड से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने 3 वाहनों को टक्कर मार दी।

यह ट्रक बस से टकराकर कार और बाइक को कुचलता हुआ पलट गया। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मरने वालों में 2 लोगों की पहचान हुई है। इनमें से एक एडीसी ऑफिस में कंप्यूटर ऑपरेटर था और एक क्रीड डिपार्टमेंट में काम करता था। बाकियों की शिनाख्त होना बाकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानीपत से करनाल की तरफ जाते हुए टोल से करीब 1 किलोमीटर पहले हादसा हुआ। करनाल की तरफ से एक तेज रफ्तार ट्रक आया।

ट्रक ड्राइवर या तो नींद में था या फिर शराब के नशे में। ट्रक डिवाइडर क्रॉस करते हुए करनाल-पानीपत हाईवे पर पहुंच गया और पंजाब रोडवेज की बस को टक्कर मारी।

लोगों ने बताया कि बस की कंडक्टर साइड में टक्कर लगी और सवारियों में अफरातफरी मच गई। इसमें कुछ सवारियां घायल हाे गईं। फिर ट्रक ने 2 बाइकों को टक्कर मारी और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया।

 कार को कुचलता हुआ ट्रक सर्विस लेन की रेलिंग के पास जाकर पलट गया। कार पूरी तरह से टूट गई। ट्रक में सवार ड्राइवर को भी शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके अलावा कार में 2 लोग फंसे हुए थे। जिन्हें काटकर बाहर निकाला गया।

 कार से टकराकर ट्रक कार पर ही पलट गया था।

इसके कार ट्रक के नीचे दबकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इसके कुछ हिस्से को काटकर पहले इमसें फंसे लोगों के शव निकाले गए। इसके बाद ट्रक को हल्का सा हटाकर कार को उसके नीचे से निकाला गया।