हरियाणा में 5 नए कोरोना केस मिले, 2 मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री
हरियाणा में कोरोना बढ़ने लगा है। बुधवार को 5 नए केस मिले। प्रदेश में अब तक कुल 21 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 18 केस एक्टिव हैं जबकि 3 मरीज ठीक हो चुके हैं। कुल 21 में से 10 मरीज गुरुग्राम और 9 फरीदाबाद में मिले हैं।
बुधवार को जो 5 नए मरीज मिले, उनमें भी 3 फरीदाबाद और 2 गुरुग्राम से हैं। फरीदाबाद के 3 में से 2 मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री मिली। इनमें से एक हाल में वियतनाम से लौटा था, जबकि दूसरा आंध्र प्रदेश से आया है।
गुरुग्राम में जो दो नए मरीज मिले, उनमें से एक 74 साल और दूसरा 37 साल का है। दोनों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई।
इस बीच हरियाणा में कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए CM नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में हेल्थ डिपार्टमेंट की मीटिंग ली। मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और हेल्थ डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (ACS) सुधीर राजपाल मौजूद रहे।
वहीं, चंडीगढ़ में बुधवार को कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। 3 दिन से उसे सांस लेने में तकलीफ थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले राजकुमार (40) के रूप में हुई है।
सेक्टर-32 अस्पताल के डॉक्टर धरनी ने बताया कि राजकुमार लुधियाना से रेफर होकर चंडीगढ़ आया था। वह कुछ समय पहले ही लुधियाना में आया था। यहां आकर उसे बुखार हुआ था।
गुरुग्राम में शुक्रवार (23 मई) को कोरोना पॉजिटिव मिला मरीज 45 साल का था। वह वजीराबाद में सेक्टर 52 का रहने वाला है। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, लेकिन शहर में आवाजाही में रहता है। वह प्राइवेट जॉब में है। इसके अलावा गुरुग्राम में 31 साल की महिला पॉजिटिव मिली थी। वह हाल ही में मुंबई से लौटी थी। इसके बाद बुखार नहीं उतरा तो जांच कराने पर कोविड पॉजिटिव मिली। वहीं, सेक्टर 70 में रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग भी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। बुजुर्ग को बुखार और खांसी-जुकाम जैसे लक्षण थे। इसके अलावा 7 अन्य मरीज भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
यमुनानगर में 50 साल की महिला 10 दिन पहले समागम में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य के साथ मोहाली गई थी। जहां 17 मई को उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसे फोर्टिस में भर्ती कराया गया। वहां 3-4 दिन तक कोई सुधार नहीं हुआ तो कोरोना टेस्ट किया गया। इसमें महिला पॉजिटिव पाई गई। महिला को अस्थमा की बीमारी भी है, जिस वजह से उसकी हालत गंभीर है।
फरीदाबाद में 28 साल का युवक निजी मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसे कुछ दिनों से बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम जैसी परेशानी थी। इसके चलते उसे डॉक्टरी जांच के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां कोरोना की जांच के लिए उसके सैंपल लिए तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सोमवार को 2 और महिलाएं कोरोना पॉजिटिव हुईं। अब तक यहां 9 केस सामने आ चुके हैं।
करनाल शहर में कोरोना संक्रमण का एक केस मिल चुका है। इसके चलते यहां के अस्पताल में 22 ऑक्सीजन बैड वाला वार्ड बनाया गया है। एन-95 मास्क, पीपीपी किट और कोरोना के इलाज में काम आने वाली दवाइयां मंगवा ली गई हैं। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज सहित करनाल में 2 ऑक्सीजन प्लांट है, सभी व्यवस्था पूरी कर ली है। मेडिकल कॉलेज में अलग से 35 बैड का वार्ड भी बना दिया है।

