भिवानी में 5.60 लाख ठगने वाला काबू 

 
भिवानी में 5.60 लाख ठगने वाला काबू 

भिवानी।

भिवानी के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन सीमेंट डिलीवरी करने के नाम पर 5 लाख 60 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 6 दिन की रिमांड पर लिया है।

हिसार निवासी विनीत ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके विद्यापीठ में निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए उन्हें काफी मात्रा में सीमेंट की आवश्यकता थी। इस पर शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन वेबसाइट पर एक मोबाइल नंबर देखा। जिस पर बात करने वाले ने बताया कि उनके द्वारा सीमेंट सस्ते रेट पर मिल जाएगी। लेकिन फोन पर सीमेंट कंपनी के कर्मचारी बनकर बात करने वाले आरोपी ने कहा कि 2000 बैग इकट्ठे लेने होंगे।

इन सीमेंट के बैग की कुल राशि 5 लाख 60 हजार रुपए थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 5.60 लाख रुपए आरोपियों के द्वारा बताए गए बैंक खाते में डाल दिए। इसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए।

6 दिन के पुलिस रिमांड पर

साइबर क्राइम थाना भिवानी के सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ने ऑनलाइन सीमेंट का ऑर्डर भेजने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बिहार के नालंदा के भगवानपुर निवासी विभीषण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करके 6 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है।

5 प्रतिशत कमीशन के लिए पैसे निकालकर आरोपियों को दिए

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने धोखाधड़ी की राशि को एटीएम से निकलवा कर मुख्य आरोपियों को दी थी। जिसके बदले में आरोपी को 5 प्रतिशत कमीशन प्राप्त हुआ था। पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।