ऑपरेशन मुस्कान के तहत 6 बच्चों को किया गया रेस्क्यू 

 
ऑपरेशन मुस्कान के तहत 6 बच्चों को किया गया रेस्क्यू 

भिवानी:

जिला बाल कल्याण समिति, जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच भिवानी ने बाल कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत शहर के विभिन्न बाजारों और पार्कों में चलाए गए एक विशेष छापेमारी अभियान के दौरान कुल 6 बच्चों को रेस्क्यू (मुक्त) किया गया है।

पुलिस की संयुक्त टीमों ने आज शहर के व्यस्त इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक पार्कों में औचक छापेमारी की। यह जानकारी देते हुए सीडब्ल्यूसी के सदस्य एडवोकेट धीरज सैनी ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों को सुरक्षित करना था जो या तो लापता थे या विषम परिस्थितियों में काम करने को मजबूर थे।

रेस्क्यू किए गए 6 बच्चों में से 4 बच्चों को उचित कागजी कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद उनके माता-पिता के हवाले कर दिया गया है। अपने बच्चों को वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। वहीं, शेष 2 बच्चों के संदर्भ में पुलिस ने बताया कि उनके माता-पिता या कोई भी कानूनी अभिभावक मौके पर उपस्थित नहीं हुआ और न ही उनसे संपर्क हो पाया। इन बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें जिला बाल संरक्षण अधिकारी की देखरेख में ओपन शेल्टर होम भेज दिया गया है।

इस पूरे अभियान के दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया को सुनिश्चित किया। इस मौके पर सीडब्ल्यूसी भिवानी के चेयरमैन एडवोकेट प्रदीप सिंह तंवर ने कहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है। ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से हम उन बच्चों को उनके घरों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं जो भटक गए हैं। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। इस अभियान के दौरान सीडब्ल्यूसी के अन्य सदस्य नीलम रानी, दिनेश अत्री, एडवोकेट धीरज सैनी, सहित जिला पुलिस की तरफ से इंस्पेक्टर अमरदीप व एसआई कपिल देव व क्राईम ब्रांच से एएसआई मंजीता व एएसआई पवन कुमार भी मौजूद रहे।