हरियाणा रोडवेज बस ने 6 छात्राएं कुचलीं, एक की मौत
हरियाणा में यमुनानगर जिले के प्रतापनगर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां बस में सवार होने की जल्दबाजी में कई स्टूडेंट्स नीचे गिर गईं।
इस दौरान 6 छात्राएं बस के नीचे कुचल गईं। बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।
बताया जा रहा है कि एक छात्रा के पेट पर पहिया चढ़ गया, जिससे उसे गहरी चोटें आईं। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाकियों के भी हाथ-पैर में चोटें हैं। इस घटना के बाद बस के ड्राइवर को सस्पेंड कर दिया गया है।
हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। प्रतापनगर बस स्टैंड पर काफी स्टूडेंट्स अपने स्कूल-कॉलेज जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। तभी पांवटा साहिब से दिल्ली जाने वाली बस पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अभी पूरी तरह रुकी नहीं थी। इसी बीच स्टूडेंट्स की भीड़ उसमें चढ़ने लगीं। बस ने जैसे ही टर्न लिया, अचानक धक्का लगा और छात्राएं नीचे गिरीं।
6 स्टूडेंट बस के पिछले टायरों के नीचे आकर कुचली गईं। इनमें गांव कुटीपुर की आरती, प्रताप नगर की अर्चिता, टिब्बी की रहने वाली मुस्कान, बहादुरपुर की निवासी संजना और प्रतापनगर की रहने वाली अंजलि व अमनदीप शामिल हैं। इन्हें पहले प्रतापनगर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से अर्चिता और संजना के परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले गए।
सभी घायल छात्राओं को पहले प्रतापनगर की CHC में लाया गया था। कुछ छात्राओं को फ्रेक्चर का अंदेशा था, लेकिन CHC में एक्स-रे की सुविधा ही नहीं है। इसी वजह से यमुनानगर रेफर करना पड़ा। हालांकि, ज्यादातर अभिभावक अपने बच्चों को प्राइवेट अस्पतालों में ले गए। घायलों में आरती, अंजलि व अर्चिता को ज्यादा चोटें आई हैं। आरती के पेट के ऊपर से पहिया गुजरा, जिसकी मौत हो गई है। आरती अग्रसेन कॉलेज में बीकॉम फाइनल की छात्रा थी।

