6 साल पहले की थी लव मैरिज , पत्नी की हत्या कर थाने पहुंचा पति
गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद थाने सरेंडर करने पहुंचा और कहा, 'SHO साहब मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है, मुझे अरेस्ट कर लो।'
यह सुनकर थाने में मौजूद अधिकारी हैरान रह गए। पुलिस की टीम तुरंत व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके घर पहुंची। वहां बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर महिला की लाश पड़ी मिली। उस दौरान घर पर अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि व्यक्ति ने 6 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों के बीच रात को झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी।
परिवार के लोगों के मुताबिक गुरुग्राम में राजेंद्र पार्क के B ब्लॉक में केतन अपने परिवार के साथ रहता है। वह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट पर काम करता है। केतन के पिता विनोद कुमार घर के पास ही क्लीनिक चलाते हैं। 6 साल पहले केतन ने ज्योति (31) के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों के 2 बच्चे हैं।
परिवार का कहना है कि शनिवार रात को ड्यूटी करने के बाद केतन घर आ गया था। रात को उसका पत्नी ज्योति के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों सो गए। रविवार को केतन की छुट्टी थी। पूरे दिन वह घर ही था। शाम को फिर उसकी ज्योति के साथ लड़ाई हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि केतन ने गुस्से में ज्योति का गला दबा दिया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह परिवार के लोगों को बिना बताए राजेंद्र पार्क थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें केतन के घर पहुंचीं। साथ ही परिवार के लोगों से भी बात की गई। उन्हें घटना के बारे में कुछ नहीं पता था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पति-पत्नी में झगड़े होते रहते हैं, लेकिन उन्हें इस घटना के बारे में नहीं पता। केतन पुलिस की हिरासत में है। अभी टीम घरेलू कलह में ही हत्या को कारण मान रही है। हालांकि, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है कि दोनों के बीच झगड़ा किस बात पर हुआ था।

