9 दिवसीय जल, पर्यावरण व नशा जागरूकता यात्रा हुई रवाना

 
9 दिवसीय जल, पर्यावरण व नशा जागरूकता यात्रा हुई रवाना

भिवानी :

जल एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जागरूक करने व नशे जैसी सामाजिक बुराईयों से दूर रहने के लिए लोगों को प्रेरित करने उद्देश्य से युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के सहयोग से 9 दिवसीय पैदल यात्रा सोमवार को स्थानीय हनुमान ढ़ाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम से बालयोगी महंत चरणदास महाराज के सान्निध्य में रवाना हुई।

यात्रा को सिटी थाना एसएचओ ने रवाना किया। इस मौके पर सिटी थाना एसएचओ सत्यनारायण व ड्रग इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता यात्राएं लोगों को प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है और एक स्थायी भविष्य के निर्माण में सहायक होती हैं। इस बारे में महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने बताया कि 9 दिवसीय यह यात्रा करीबन 250 किलोमीटर का सफर तय कर राजस्थान के सीकर में स्थित जीण माता मंदिर में पहुंचेंगी।

उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा जुई, ढिग़ावा, सिंघानी, लोहारू, पोकरवास, कुड़ल, सूरजगढ़, चिड़ावा, झुंझनू, मुकंदगढ़, नवलगढ़, दादिया, सीकर, गौरिया से जीण माता धाम तक पहुंचेंगी तथा इस दौरान विभिन्न स्थानों के अलावा जीण माता धाम में मौजूद लाखों लोगों को विभिन्न सामाजिक संदेश के प्रति जागरूक करेगी।

सैनी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण व नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक करना है, ताकि सभ्य समाज की संरचना कर राष्ट्र की तरक्की में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका अदा की जा सकें। सैनी ने कहा कि जल व पर्यावरण संरक्षण तथा नशे के खिलाफ जागरूकता यात्रा एक महत्वपूर्ण अभियान है जिसका उद्देश्य समाज में जल और पर्यावरण के संरक्षण तथा नशे जैसी सामाजक बुराई के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस यात्रा के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर अनेक लोगों को जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से पानी के महत्व और इसके उपयोग में बचत के तरीके जैसे वर्षा जल संचयन, पानी का पुन: उपयोग, और जल स्रोतों की रक्षा, वृक्षारोपण, प्लास्टिक और अन्य कचरे का सही निपटान, और जैव विविधता की रक्षा के तरीकों पर चर्चा तथा नशे के कारण समाज में बढ़ते अपराध के बारे में लोगों से बातचीत की जाएगी।

इस अवसर पर डा. पवन, मीना देवी, सुनीता, कमलेश, पूजा, राधिका, डा. सुखविंद्र दुहन, ख्यालीराम रिंकू, शिवराज बागड़ी, विजय सिंहमार, पिंटू वर्मा, मोनिया सैनी, राजू मेहरा, डा. पवन, नरेश प्रजापति, सुनील, खेमचंद वालिया, गुरदास सैनी, कुलदीप पुनिया, गोविंद, सुरेंद्र, सतनाम सैनी, कृष्णा सोनी, अनिल सोनी, नंदा कोंट, सुरेश, घनश्याम, अशोक, विश्वात्मा, मोहित सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।