शांति गार्डन के पास नाले का टूटा स्लैब बना लोगों के लिए मुसीबत 

 
शांति गार्डन के पास नाले का टूटा स्लैब बना लोगों के लिए मुसीबत 

भिवानी,

भिवानी शहर के ढाणा रोड क्षेत्र में स्थित शांति गार्डन के पास पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाया गया नाले का स्लैब इन दिनों लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है।

नाले का स्लैब टूटने से स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वहां से गुजरना आम लोगों के लिए किसी खतरे से कम नहीं रहा। टूटे हुए स्लैब और खुले पड़े नाले के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को ढाणा रोड पर एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही नाले की मरम्मत और सफाई का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
विरोध प्रदर्शन में शामिल समाजसेवी सुनील (शांति गार्डन) ने कहा कि यह नाले का स्लैब पिछले लंबे समय से टूटा हुआ है। हमने कई बार अधिकारियों को अवगत कराया लेकिन कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब हम चुप नहीं बैठेंगे। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हम आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसके साथ ही स्थानीय निवासी दीप्ला, आकाश, राजपाल, सनी, निखिल, शंकर, मितू, राजीव, उमेश और कृष्णा ने भी अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है, जबकि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
टूटे स्लैब से नाले की दुर्दशा से फैल रही गंदगी और बदबू
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नाले की सफाई लंबे समय से नहीं की गई है, जिसके कारण उसमें गंदा पानी और कचरा जमा है।

इस वजह से आसपास के इलाकों में बदबू फैल गई है, जिससे लोगों का वहां रहना भी मुश्किल हो गया है। शांति गार्डन के आसपास के दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि नाले से उठती बदबू और गंदगी से पूरे इलाके का माहौल दूषित हो चुका है।
टूटा स्लैब बना हादसों की वजह
नाले के ऊपर लगा स्लैब काफी समय पहले टूट चुका हैं, जिससे राहगीरों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन कोई न कोई वाहन चालक या पैदल यात्री इस नाले में फिसल जाता है या गिरने से घायल हो जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार आवारा जानवर भी नाले के उपर स्लैब ना से गिर चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को होती है परेशानी
शांति गार्डन भिवानी का एक प्रमुख विवाह और सामाजिक कार्यक्रम स्थल है। यहां आए दिन शादियाँ, धार्मिक और सामाजिक आयोजन होते रहते हैं।

जब भी कोई कार्यक्रम होता है, तो ढाणा रोड से गुजरने वाले मेहमानों को इस नाले के कारण बेहद परेशानी होती है। कई बार शादी में आए वाहन नाले के पास फंस चुके हैं या फिसल गए हैं। इससे कार्यक्रम आयोजकों और मेहमानों दोनों को असुविधा झेलनी पड़ती है।
कई बार शिकायतें देने के बावजूद कोई समाधान नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि इस नाले की खराब स्थिति के बारे में वे कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग और नगर परिषद को शिकायत दे चुके हैं। इसके अलावा हलके के विधायक को भी लिखित में जानकारी दी गई थी, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों ने सिर्फ नाले के कुछ हिस्से की लीपापोती कर खानापूर्ति जरूर की, लेकिन वास्तविक मरम्मत का कार्य कभी नहीं हुआ।
अब उठाएंगे कड़ा कदम: ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने अब भी इस ओर ध्यान नहीं दिया तो वे जल्द ही कड़ा कदम उठाऐंगे। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि नाले की मरम्मत, सफाई और मजबूत स्लैब लगाने का कार्य तत्काल शुरू किया जाए ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।