इनेलो की किसान सैल व एससी सैल की संयुक्त बैठक आयोजित
भिवानी :
स्थानीय परशुराम धर्मशाला में मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के किसान सेल और अनुसूचित जाति (एससी) प्रकोष्ठ की एक संयुक्त जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में आगामी रणनीति और संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान सेल के जिला अध्यक्ष अजीत बड़ेसरा और एससी सेल के जिला अध्यक्ष सुभाष धानक ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान दीपक वाल्मीकि को एससी सैल का प्रदेश संगठन सचिव नियुक्त किया। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष फूल सिंह मंजूरा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज प्रदेश का किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल ने हमेशा किसानों को अपनी प्राथमिकता बनाया। इनेलो के शासनकाल में किसानों के कर्ज माफ हुए और उन्हें उनकी फसलों का उचित दाम मिला। आज फिर से वही समय लाने की जरूरत है। इस मौके पर अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर पहलवान ने अनूसचित जाति वर्ग की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इनेलो ने हमेशा अनुसूचित जाति वर्ग को मान-सम्मान दिया है। रामेश्वर पहलवान के अनुसार पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक चौधरी देवीलाल ने समाज के हर पिछड़े वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ा।
आज के दौर में दलितों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ केवल इनेलो ही मजबूती से खड़ी है। प्रदेश प्रभारी वेद सिंह मुंडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का आधार उसका जमीनी कार्यकर्ता है। उन्होंने आह्वान किया कि गांव-गांव जाकर इनेलो की नीतियों और जननायक द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों का प्रचार करें। इस मौके पर इनेलो के जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु ने स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भिवानी जिला इनेलो का गढ़ रहा है और आने वाले समय में कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की विफलताओं को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। बैठक के दौरान वक्ताओं ने बार-बार चौधरी देवीलाल के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे इनेलो शासन में बुढ़ापा पेंशन, जच्चा-बच्चा योजना और किसानों के हित में बड़े फैसले लिए गए थे। उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे ताकि आने वाले समय में इनेलो की सरकार बनाई जा सके। इस अवसर पर कृष्ण मिताथल, अनिल बागनवाला, दीपक वाल्मीकि, विक्रम , कपूर निगाना, आनंद थानेदार, रतिराम, विजेंद्र दुहन, हरकेश नागर, दीपक बागड़ी, लीला, बिजेंद्र बुढ़ेड़ा, राहुल, आशा ग्रेवाल, महेंद्र बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

