आम आदमी पार्टी ने संगठन मजबूती और विस्तार पर दिया जोर 

 
आम आदमी पार्टी ने संगठन मजबूती और विस्तार पर दिया जोर 

भिवानी:

आम आदमी पार्टी (आप) ने हरियाणा में अपने संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्थानीय हांसी गेट स्थित आप कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के डीएनटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष एवं भिवानी जिला प्रभारी भीम सिंह महेशवाल ने आप कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक की अध्यक्षता आप जिला अध्यक्ष गीता श्योराण लाखलाण ने की। इस दौरान उनके साथ डीएनटी विंग के प्रदेश सचिव मनोज व कुमार कृष्ण कुमार वर्मा भी साथ रहे।
     यह बैठक पार्टी की जमीनी पकड़ को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। डीएनटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष एवं भिवानी जिला प्रभारी भीम सिंह महेशवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना और एक भ्रष्टाचार मुक्त तथा जनहितैषी शासन स्थापित करना है। महेशवाल ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रियता ही पार्टी की जीत की कुंजी है। इसके लिए, नए सदस्यों को जोडऩे और पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
      उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को जानने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पार्टी की नीतियों और दिल्ली एवं पंजाब सरकारों द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। महेशवाल ने कार्यकर्ताओं में अनुशासन और पार्टी के प्रति समर्पण की भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
     इस मौके पर आप जिला अध्यक्ष गीता श्योराण लाखलाण ने कहा कि एकजुट होकर और एक साझा लक्ष्य के साथ काम करने से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है तथा इसी उद्देश्य को लेकर यह बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि संगठन विस्तार एवं मजबूती को लेकर आप की आगामी बैठक अरविंद केजरीवाल के जन्मदिन पर 16 अगस्त को आयोजित होगी, जिसमें विस्तारपूर्वक चर्चा होगी तथा निर्णय लिए जाएंगे।
     इस अवसर पर युवा जिला अध्यक्ष मनजीत सिंघानिया, डा. सुरेंद्र पुनिया, सुरेंद्र सिवानी, भूप सिंह प्रजापति, हरिराम पटवारी, जोगीराम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।