एबीवीपी ने कुलगुरू को सौंपा ज्ञापन, स्कॉलरशिप व नोड्यूज से संबंधित समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
 

विद्यार्थियों को मानसिक परेशानी से बचाने के लिए समस्याओं का समाधान करे सीबीएलयू प्रशासन : बूरा
 
 
भिवानी छात्र राजनीति

भिवानी, 30 अप्रैल : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भिवानी की चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय इकाई ने वीरवार को विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप व नोड्यूज से संबंधित समस्याओं को लेकर सीबीएलयू कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन इकाई अध्यक्ष करण बूरा व इकाई मंत्री सलौनी सैनी के नेतृत्व में सौंपा गया। इस मौके पर परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्कॉलरशिप से जुड़ी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को फीस जमा कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप स्वीकृत होने के बावजूद नोड्यूज में समस्या बनी हुई है, जबकि कुछ विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप अभी लंबित है या उस पर आपत्ति लगी हुई है। एबीवीपी सीबीएलयू इकाई अध्यक्ष करण बूरा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए, ताकि किसी भी विद्यार्थी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

इकाई मंत्री सलौनी सैनी ने कहा कि लंबित स्कॉलरशिप को शीघ्र स्वीकृति दी जाए और जिन विद्यार्थियों की फाइलों में आपत्ति है, उन्हें सुधार का उचित अवसर प्रदान किया जाए, ताकि सभी विद्यार्थी अपनी फीस समय पर जमा कर सकें। इस दौरान परिषद ने मांग रखी कि स्वीकृत स्कॉलरशिप वाले विद्यार्थियों का तुरंत नोड्यूज किया जाए, लंबित स्कॉलरशिप को शीघ्र स्वीकृति दी जाए तथा जिन मामलों में आपत्ति है, उन्हें सुधार का अवसर प्रदान किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को फीस जमा कराने में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस अवसर पर कुलगुरु दीप्ति धर्माणी ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोड्यूज से संबंधित जो भी बाधाएं हैं, उन्हें दूर करते हुए सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रोबिन, जिला संयोजक रोहित बूरा, नगर मंत्री रवि भारद्वाज, इकाई उपाध्यक्ष समर राणा, रोहित वशिष्ठ, दीपका व कार्यकर्ता शुभम, साहिल, पंकज, आर्यन आदि मौजूद रहे।