आचार्य देवव्रत व पूर्व राज्यपाल महामहिम बंडारु दत्तात्रेय ने दी पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि

 
आचार्य देवव्रत व पूर्व राज्यपाल महामहिम बंडारु दत्तात्रेय ने दी पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि
भिवानी : 
भिवानी के पूर्व सांसद एवं प्रख्यात सामाजिक एवं जननेता चौधरी जंगबीर सिंह के निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर व्याप्त है। इस दुखद अवसर पर गुजरात के राज्यपाल महामहिम आचार्य देवव्रत एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी चौधरी जंगबीर सिंह को दूरदर्शी राजनेता बताया।राज्यपाल महामहिम आचार्य देवव्रत एवं पूर्व राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने दूरभाष के माध्यम से चौधरी जंगबीर सिंह के बड़े सुपुत्र कमल प्रधान से बात कर उन्हें सांत्वना दी और इस अपूरणीय क्षति पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
अपने शोक संदेश में राज्यपाल महामहिम आचार्य देवव्रत ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह एक ऐसे जननेता थे, जिन्होंने न केवल राजनीति के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक जीवन में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी। वे एक निडर, निर्भीक और स्पष्टवादी व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने बिना डरे हमेशा सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े रहकर समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बुलंद की। उनका संपूर्ण जीवन जनकल्याण और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा।
वहीं, हरियाणा के पूर्व राज्यपाल महामहिम बंडारु दत्तात्रेय ने अपने संदेश में कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में उच्च मूल्यों और सिद्धांतों का पालन करते हुए जनसेवा को सर्वोपरि रखा। वे एक लोकप्रिय, कर्मठ और ईमानदार नेता थे, जिन्होंने हमेशा आमजन के हितों को प्राथमिकता दी। उनके निधन से न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश ने एक सशक्त और समर्पित जननेता को खो दिया है।
दिवंगत आत्मा की शांति प्रार्थना के लिए आए जोगीवाला मंदिर के महंत वेदनाथ जी महाराज ने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह का व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके विचार, उनके आदर्श और उनके कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देते रहेंगे। समाज के प्रति उनकी निष्ठा और सेवा भाव को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चौधरी जंगबीर सिंह को अपने पिता राव बंसी सिंह का अभिन्न मित्र बताते हुए कहा कि कि चौधरी जंगबीर सिंह की सादगी, कार्यशैली और जनता के प्रति उनका जुड़ाव उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाता था। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते थे और हर वर्ग के लोगों के बीच सम्मानित थे।
नलवा से विधायक रणधीर पणिहार, दादरी से विधायक सुनील सांगवान और बाढ़डा विधायक उमेद पातूवास और फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य, शक्ति एवं संबल प्रदान करने की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि चौधरी जंगबीर सिंह के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा और उनका जीवन समाज के लिए एक आदर्श के रूप में स्थापित रहेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, पूर्व विधायक नृपेंद्र श्योराण, लोक कलाकार गजेंद्र फौगाट ओएसडी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पीएसओ सतीश राठी, जेल सुपरिटेंडेंट सत्यवान सिंह, मनोज दलाल एसडीएम, अनुराभ चौधरी, भोलू पूर्व जिला पार्षद, महताब सिंह पूर्व प्रधान, अनिल कुमार पूर्व प्रधान, विजय मोटू पूर्व प्रधान, शमशेर सिंह शेरा पूर्व प्रधान, प्रीतम सिंह पूर्व प्रधान, भूपेंद्र सिंह पूर्व प्रधान, रतनपाल पहाड़ी पूर्व प्रधान, पूर्व मुख्यमंत्री मास्टर हुकम सिंह के सुपुत्र राजबीर फौगाट, अनाज मंडी प्रधान हनुमान सेठ, निमा प्रधान आरबी गोयल, रिटायर्ड एसएचओ आजाद सिंह ढांडा, पूर्व सरपंच संजय मंदौला, युवा आयोग के पूर्व चेयरमैन मुकेश गौड़, हर्षवर्धन मान, रमेश पचेरवाल पार्षद, मनोज सरपंच बिश्नोई, पूर्व जिला पार्षद डॉ प्रवीण रापड़िया, पूर्व जिला पार्षद बृजपाल पप्पू, पूर्व पार्षद मनोज यादव, भूपसिंह आर्य जी, गंगाराम श्योराण, जोगिंदर बागनवाला, नरेश द्वारका, अभिजीत लालसिंह, युद्धवीर अहलावत, भाजपा नेता अनिल शर्मा, अमर सिंह हलुवासिया, हरिसिंह सांगवान, दिलबाग सिंह निमडी, पवन बुवानीवाला, रमेश गोदारा, रामप्रताप शर्मा, हरिराम खुडानिया अमन राघव, वेद पुजारी, स्टेट अवॉर्डी मास्टर सोमवीर सिंह, पूर्व सरपंच प्रताप सिंह, समीर खटीक द्रोणाचार्य अवॉर्डी असन सांगवान सहित अनेक शोकाकुल व्यक्ति उपस्थित रहे।